चतरा-हजारीबाग रोड में बगमरी से बरियातू बना डेंजर जोन
चतरा-हजारीबाग मुख्य सड़क में बगमरी से बरियातू तक राहगीरों के लिए डेंजर जोन बन गया है। यहां सड़क दुर्घटना आम बात हो गई है। इस सड़क पर अब तक कई लोग दुर्घटना के शिकार हो चुके है। सड़क में तीखे मोड़, सड़क में पेड़ तथा सड़क के किनारे बने गड्ढे ही दुर्घटना का कारण बन रहा है। फिलहाल उक्त सड़क का चौड़ीकरण का कार्य चतरा कुल्लू मोड़ से हजारीबाग इंद्रपुरी तक किया जा रहा है। यह कार्य रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान पिच का कार्य कटकमसांडी से चतरा तक ज्यादातर हिस्सों में की गई है। परंतु पिचिंग कार्य में सड़क में लगे पेड़ बहुत बड़ी बाधक बनी है। जानकारी के मुताबिक कंस्ट्रक्शन को अब तक इन पेड़ों को सड़क से हटाने का एनओसी प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में वन विभाग द्वारा पेड़ उखाड़े जाने पर रोक लगाई है। जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। दो विभाग के चक्कर में सड़क से गुजरने वाले लोगों को अपना जान गवांना पड़ रहा है। सोमवार को मोटरसाइकिल दुर्घटना में हुई युवक की मौत से घटना स्थल पर जुटे ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कराने वाली कंस्ट्रक्शन व वन विभाग पर जम कर भड़ास निकाला। ग्रामीणों का कहना था कि दो विभाग के चक्कर में सड़क से गुजरने वाले लोगो को कभी-कभी अपनी जान गवां कर कीमत चुकानी पड़ रही है।