एटीएम में 12 लाख 62 हजार रुपए थे
भास्कर न्यूज | गिद्धौर
थाना क्षेत्र के महुआटांड़ रोड के बगल में दतुआ आहार के समीप जला हुआ एटीएम बॉक्स मिला। बताया गया कि दतुआ आहार के समीप कुछ बच्चे जंगल में पियार खाने के लिए गए थे। इसी बीच बॉक्स पर इनकी नजर पड़ी। बच्चों ने गांव में इसकी सूचना दी। ग्रामीण इसे देखने पहुंचे तो देखा कि पत्थर के बीच गड्ढे में जला हुआ एटीएम बॉक्स पड़ा है। बॉक्स देखने से ऐसा लगता है कि उक्त बॉक्स को किसी ने लाकर यहां फेंका है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गिद्धौर पुलिस को दी।
खबर पाकर अवर निरीक्षक नत्थू सिंह उक्त स्थल पर पहुंच कर एटीएम बॉक्स के अपने कब्जे में लिया। मालूम हो कि सदर थाना क्षेत्र के तपेज में बीते 10 मई की रात अज्ञात चोरों द्वारा एटीएम की चोरी की गई थी। उक्त मशीन में 17 लाख 62 हजार रुपये होने की बात सामने आई थी। घटना के बाद से पुलिस उक्त मामले की तहकीकात में जुटी थी। जले एटीएम बॉक्स मिलने से तपेज में हुई एटीएम मशीन की हुई चोरी की संभावना व्यक्त की जा रही है। बहरहाल पुलिस फिलहाल कुछ भी बताने से इनकार कर रही है। पुलिस बस इतना कह रही है कि मामले की जांच की जाएगी उसके बाद ही बात स्पष्ट हो पाएगी।