जनरल मोटर्स करेगी 1000 की छंटनी
न्यूयॉर्क| अमेरिकी कार कंपनी जनरल मोटर्स अपने एक हजार से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करेगी। कंपनी के मुताबिक, सिडान कारों की गिरती मांग और उसके कम उत्पादन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। छंटनी का असर अमेरिका के ओहियो के लॉर्ड्सटाउन प्लांट पर पड़ेगा। शेवरलेट क्रूज का उत्पादन वहीं किया जाता है। क्रूज की बिक्री पिछले चार साल में 32 प्रतिशत गिरी है। जनरल मोटर्स के प्रवक्ता ने यह बात ई-मेल के जरिये बताई। इसके अनुसार, ओहियो कारखाने में करीब 3,000 लोग कार्यरत हैं, जहां दो शिफ्ट्स में काम होता है।
कंपनी ने कहा कि दूसरी शिफ्ट का उत्पादन 2018 की दूसरी तिमाही के अंत तक बंद कर दिया जाएगा। कंपनी ने नियामकों को बताया कि इस फैसले से करीब 1,500 नौकरियों पर असर पड़ेगा। अमेरिका में छोटी कारों की बिक्री इस साल की शुरुआत से 13.2 फीसदी घट गई है वहीं बड़ी कारों की बिक्री सात फीसदी बढ़ी है।