टास्क फोर्स की जिलास्तरीय बैठक में शुक्रवार को डीसी मनोज कुमार ने अवैध उत्खनन रोकने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश पदाधिकारियों को दिया। डीसी ने कहा कि जिले में जितने अवैध क्रशर का संचालन किया जा रहा है, उन मीलों को चिन्हित कर पदाधिकारी बंद कराएं। डीसी ने मौके पर जिले के सीओ व थाना प्रभारियों को आपसी तालमेल कर अवैध क्रशर मील के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। टॉस्क फोर्स की बैठक में सीटीओ व बगैर लाइसेंस के संचालित क्रेशर मील को चिन्हित कर केस दर्ज कर सील करने का निर्देश दिया गया। साथ ही डीसी ने बैठक में यह भी कहा कि अगर पट्टेधारी विस्फोटक का इस्तेमाल खान सुरक्षा निदेशक से बगैर इजाजत के कर रहे हैं तो वैसे पट्टेधारियों के खनन को अवैध माना जाएगा। और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के साथ टास्क फोर्स की बैठक करते डीसी।
अभियान चला ओवरलोड वाहनों को जब्त करें : डीसी कुमार ने प्रदूषण बोर्ड के पदाधिकारियों से कहा कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित कई छड़ कारखाने जिसमें शिवम रोलिंग मील के अलावे अन्य औद्योगिक इकाइयां प्रदूषण नियमों का उल्ल्घंन कर फैक्ट्री चला रहे हैं। वैसे कारखानों के प्रदूषण मापदंडों को सही तरीके से जांच करते हुए दोषी पाएं जाने पर कड़ी कार्रवाई करें। डीसी ने डीटीओ याेगेन्द्र प्रसाद को भी निर्देश देते हुए कहा कि जिलें में ओवरलोडिंग वाहनों की जांच कर जुर्माना वसूलें। डीसी ने साफ तौर पर डीटीओ को अभियान चलाकर ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ जब्त कर थानों को सौंपने का निर्देश दिया। जबकि माइका व ढिबरा के अवैध कारोबार पर भी नजर रखने का हिदायत डीसी के द्वारा दिया गया। डीसी ने डीएफओ को पुलिस विभाग से सहयोग लेकर अवैध माइका व ढिबरा के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। बैठक में सदर एसडीएम विजया जाधव के अलावे खोरीमहुआ एसडीएम रविशंकर विद्यार्थी, डीटीओ, खनन पदाधिकारी विभूति नारायण प्रसाद व विशेष शाखा के डीएसपी भी मौजूद थे।