गिरिडीह | जिला कृषि कार्यालय सभागार में शुक्रवार को जिला स्तरीय कृषि विभाग की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बीटीएम एटीएम ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी ब्रजेश्वर दुबे ने किया। उन्होंने कहा की इस वर्ष सरकार द्वारा 88 हजार मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण एवं 35 हजार केसीसी ऋण किसानों को बैंकों से दिए जाने को लेकर किसानों को केसीसी ऋण फार्म वितरण किए जाने का लक्ष्य सरकार द्वारा दी गई है। इस लक्ष्य को आवश्यक रुप से प्राप्त करने की जिम्मेवारी जिले के सभी कृषि पदाधिकारी एवं कर्मचारियों की है। कृषक मित्र, बीटीएम, एटीएम एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी को मिट्टी जांच नमूना एकत्रित करने एवं केसीसी ऋण के लिए किसानों को केसीसी ऋण फार्म वितरण करने का निर्देश दिया है। बैठक में उपस्थित कृषि कर्मियों को निर्देश देते हुए डीएओ ने कहा की 20 जून से 29 जून तक जिले के सभी प्रखंड में कृषि चौपाल लगाया जाना है। एक प्रखंड में कृषि चौपाल का तीन दिन तक कार्य क्रम चलाया जाना है। यदि सरकार द्वारा समय पर बीज उपलब्ध की गई तो इस महोत्सव में किसानों को बीज वितरण किया जाएगा। इस बैठक में आत्मा के उपनिदेशक रमेश कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी नंद किशोर पंडित, बीटीएम रजनीश कुमार मुख्य रुप से मौजूद थे।