कोडरमा सांसद रवीन्द्र राय और गिरिडीह के गांडेय विधायक जयप्रकाश वर्मा का एक साथ फोटो लगाकर सोशल मीडिया में फेसबुक के माध्यम से अगला सांसद का सर्वे कराने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता बैद्यनाथ वर्मा ने इस मामले में आपत्ति जताई है। कहा है कि किस अधिकार के तहत कुछ लोग इस तरह का सर्वे कर पार्टी में खोट पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, ये स्पष्ट होना चाहिए। इस दौरान सांसद व विधायक के खिलाफ कई तरह की टिप्पणी कर दोनों के बीच वैमनस्यता फैलाने की कोशिश की जा रही है। जबकि दोनों सांसद व विधायक न सिर्फ एक ही पार्टी के हैं बल्कि दोनों के बीच मधुर संबंध भी है। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि फेसबुक में फोटो वायरल करने वाले ने आखिर किस आधार पर दोनों निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का फोटो पोस्ट किया। पार्टी ऐसे मामले को सामाजिक व राजनैतिक अपराध मानती है। दोनों जनप्रतिनिधि निर्वाचित है। ऐसे फोटो पोस्ट करने का उद्देश्य सिर्फ सोशल मीडिया के महत्व को कम करना है। लिहाजा, ऐसे फोटो पोस्ट किए जाने का कोई औचित्य नहीं है। पार्टी के जिस कार्यकर्ता ने दोनों जनप्रतिनिधियों के फोटो को पोस्ट कर बयानबाजी किया है। निश्चिंत तौर पर ऐसे नेताओं को छुटभैया नेता ही कहा जा सकता है। इसकी जानकारी एसपी को भी दी गई है और मामले की जांच कर फोटो पोस्ट करने वाले के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।