राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के वार्ड में भी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। पावर हाउस मोड़ को छोड़ दिया जाय तो बाकी के क्षेत्र में पानी की घोर किल्लत है। न्यू बरगंडा, दरबान चौक, चर्च रोड, सांई मंदिर रोड, पंजाबी महल्ला, पावर हाउस अंश, अशोक नगर को शामिल कर बनाया गया वार्ड संख्या दस की कुल आबादी दस हजार के करीब है। वार्ड संख्या दस में पंजाबी महल्ला नया क्षेत्र जोड़ा गया है। इन इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सर्वाधिक संकट पेयजल को लेकर है। क्षेत्र में सप्लाई पाइप आने के बावजूद लोगों को पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। मुख्य सड़क को छोड़ गलियों में जर्जर सड़क, गंदी नाली व कूड़े का अंबार है। वार्ड पार्षद रंजीत यादव भी स्वीकार करते है कि पंजाबी महल्ला में पानी की किल्लत है। क्षेत्र में सप्लाई का पानी आता नहीं और कई चापानल बेकार पड़े है। पंजाबी महल्ला को छोड़ अन्य इलाके में एलईडी लाइट की स्थिति बेहतर नजर आयी। यादव दावा भी करते है कि वार्ड दस में सबसे ज्यादा एलईडी लाइट लगी हुई है। वीआईपी इलाके में भी मनोरंजन के कोई साधन नही है।
हमारी समस्याओं काे चाहिए तारणहार
पाइप बिछा, पर पानी आपूर्ति नहीं
वार्ड में खराब पड़ा चापानल।
बारिश में नालियों का गंदा पानी घुस जाता है घरों में
रवि कुमार दास की पीड़ा पेयजल को लेकर है। कहा कि सप्लाई पानी की कोई समय निर्धारित नही है। कभी आया कभी नही। आसपास के लोगो द्वारा मोटर चला देने से प्रेशर कम हो जाता है।
दुकान चलाने वाले अर्जुन राम को सफाई से कोई शिकायत नही है। कहा कि नियमित रूप से क्षेत्र में नगर निगम का ट्रैक्टर आकर कूड़ा उठा ले जाता है। निगम बनने के बाद शहर की सूरत और भी बेहतर होगी।
भोला दास ने कहा कि जल निकासी की कोई व्यवस्था नही की गई है। बिजली का पोल क्रेक कर एक ओर झुक गया है, कई बार विभाग में शिकायत की गई पर कोई सुनवाई नही होती है।
सदानंद साव ने कहा कि सफाई मामले में वार्ड की स्थिति अन्य वार्ड से अलग नही है। कहा कि कभी नियमित रूप से सफाई नही होती है। सफाई के अभाव में नालियों की स्थिति नारकीय बनी रहती है।
सड़क किनारे पसरा कचरा।
दुखनी मसोमात का दुख पानी को लेकर है। कहा कि क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की जाती रही है। उन्होंने संवाददाता से ही सवाल किया कि नगर निगम बन जाने से क्षेत्र की स्थिति क्या बदल जायेगी।
पंजाबी महल्ला में विकास कार्य की जरूरत: रंजीत
वार्ड पार्षद रंजीत यादव ने कहा कि वार्ड में पंजाबी महल्ला को नया क्षेत्र के रूप में शामिल किया गया है जहां बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई सड़कों की स्थिति बदहाल है। इस दिशा में भी पहल की जा रही है। कहा कि गर्ल्स स्कूल से बरगंडा तक नई सड़क निर्माण की सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वार्ड के आश्रम रोड में 40 लाख की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की स्वीकृति हो चुकी है।