विभिन्न शिक्षक संगठनों की मांग को देखते हुए विनोबा भावे विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सत्र 2018-19 की छुट्टी का कैलेंडर में आंशिक संशोधन किया है। विवि प्रशासन की ओर से जारी नए कैलेंडर में गर्मी की छुट्टी में 4 दिनों की कटौती और पूजा की छुट्टी में 12 दिनों की वृद्धि की गई है। विवि प्रशासन की ओर से छुट्टी का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया गया है। सभी डिपार्टमेंट के एचओडी और परीक्षा विभाग को भी नई छुट्टी के कैलेंडर के अनुसार ही कक्षाएं, परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया है। विवि प्रशासन की ओर से छुट्टी संबंधित जारी आदेश में स्पष्ट कर दिया गया है कि छुट्टी की नई सूची छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुविधा को देखते हुए जारी की गई है। हालांकि इस दौरान सभी सभी अनुबंधित शिक्षकों से से काम लेने का निर्देश दिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छुट्टी के कैलेंडर मेंं किया संशोधन, गर्मी की छुट्टी में की चार दिन की कटौती
21 मई से 23 जून तक होगी गर्मी की छुट्टी
विनोबा भावे विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पहले गर्मी की छुट्टी के लिए 21 मई से 27 जून की यानी कुल 33 दिनों की छुट्टी घोषित की गई थी। हालांकि इसे अब संशोधित करते हुए छुट्टी 21 मई से 23 तक यानी 29 दिन कर दी गई है। वहीं पहले कैलेंडर में पूजा की छुट्टी को तीन अलग-अलग हिस्सों में तोड़ कर कुल 20 दिन का ही दिया गया था। इसके तहत 15 से 22 अक्टूबर तक और 24 अक्टूबर को यानी 9 दिन की दुर्गा पूजा की छुट्टी, 5 नवंबर से 15 नवंबर तक दीपावली और छठ पूजा के लिए 11 दिनों की छुट्टी दी गई थी। हालांकि अब इसे संशोधित करते हुए 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक 32 दिनों की पूजा की छुट्टी घोषित की गई है।
अवकाश के दौरान कॉलेजों में चलेगी विशेष कक्षा तीन कक्षा लेने पर शिक्षकों को मिलेगा एक ईएल
विनोबा भावे विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र में देरी को देखते हुए सभी कॉलेजों को गर्मी छुट्टी में स्नातक का सेमेस्टर छह और पीजी का सेमेस्टर चार के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष कक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया है। विवि प्रशासन की ओर से इस संबंध में सभी अंगीभूत कॉलेज के प्राचार्य को निर्देश दिया गया है। गर्मी छुट्टी में भी शिक्षक विशेष कक्षा में शामिल होने में रूचि ले, इसके लिए शिक्षकों को गर्मी छुट्टी में पढ़ाने के बदले क्षतिपूर्ति अवकाश देने का घोषणा किया है। विवि प्रावधान के अनुसार शिक्षकों को प्रति तीन दिन के ड्यूटी के बदले उन्हें एक दिन का ईएल दिया जाएगा। विवि के आदेश पर प्राचार्यों ने शिक्षकों से गर्मी की छुट्टी में कक्षा लेने संबंधित राय लेना शुरू कर दिया है। पीके राय कॉलेज प्रशासन में एक दर्जन से अधिक शिक्षकों ने गर्मी छुट्टी में कक्षा लेने को तैयार हो गए है। वहीं एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में गर्मी छुट्टी में सिर्फ इंटर की कक्षाएं करवाने की घोषणा की गई है।