गिरिडीह | गिरिडीह कालेज छात्रसंघ के तत्वावधान में सोमवार को कालेज परिसर में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में वाणिज्य विभाग, अंग्रेजी विभाग व बी एड की टीम ने हिस्सा लिया। लीग मुकाबले के बाद फाइनल मुकाबला कामर्स बनाम अंग्रेजी विभाग के छात्रों के बीच खेली गई। वाणिज्य की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवरों में 167 रन बनाए। जवाबी पारी खेलने उतरी अंग्रेजी विभाग की टीम 135 रन पर आलआउट हो गई। विजेता टीम वाणिज्य विभाग को महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डाॅ. अशोक कुमार, डीएसपी मनीष टोप्पो ने पुरस्कृत किया। मौके पर डीएसपी टोप्पो ने सभी खिलाड़ियों को खेल में भागीदारी के लिए बधाई दी। कहा कि इस प्रकार के आयोजन से प्रशासन को भी छात्रों से मिलने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता से आपसी भाईचारा और प्रतियोगिता का माहौल तैयार होता है। कालेज के प्राचार्य डा कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से छात्रों में नए जोश का सृजन होता है। प्रतियोगिता में बेस्ट बालर रवि कुमार, बेस्ट बेटसमेन मनीष राय को दिया गया। वहीं फाइनल मुकाबले में मैन आफ द मैच का पुरस्कार शुभम यादव को दिया गया।