- Hindi News
- National
- मोहल्लों में जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप से पर्याप्त मात्रा में लोगों को नहीं मिल रहा पानी
मोहल्लों में जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप से पर्याप्त मात्रा में लोगों को नहीं मिल रहा पानी
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 में गंभीर पेयजल संकट के अलावा सड़क और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। वर्षों पूर्व बनी पीसीसी सड़क की स्थिति जर्जर हो चुकी है। वार्ड की स्थिति का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि काउंसलर के आवास के सामने गंदी नाली का पानी हमेशा बहता रहता है। भंडारीडीह, शास्त्रीनगर पश्चिमी भाग, बंगाली बाबा रोड, गौस बाबा रोड का पूर्वी भाग को जोड़ कर बनाया गया वार्ड आठ में निवास करने वाले करीब दस हजार आबादी को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगो की मानें तो बिछायी गई पाइप लाइन से लोगो को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। अल्पसंख्यक बहुल इलाके के गाडीबानपटटी रोड में पानी की गंभीर समस्या है। वार्ड पार्षद आेबेदुल्लाह की मानें तो भंडारीडीह जामा मस्जिद के पीछे व गौस बाबा रोड में सौ साल पुराना दो कुआं था जो स्थानीय लोगो के पेयजल के लिए काफी था पर फिलहाल उसकी स्थिति जर्जर बनी हुई है। दर्जनभर चापानल में आधे से अधिक खराब पड़े हैं। शिक्षण संस्थाओं के मामले में वार्ड की स्थिति बेहतर कही जा सकती है। दो प्राइवेट शिक्षण संस्थान के अलावा अंजुमन कमेटी द्वारा संचालित अब्दुल क्यूम गर्ल्स स्कूल इसी वार्ड में है।
हमारी समस्याओं काे चाहिए तारणहार
चापानल खराब, निगम से नहीं मिलता पानी
बोर्ड की बैठक में समस्याओं को उठाया हूं : पार्षद
पार्षद ओबेदुल्लाह ने कहा कि क्षेत्र में पानी और बिजली की गंभीर समस्याएं है। उन्होंने कहा कि पानी संकट तो नगर निगम से हल कराया जाएगा। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं करते। कहा कि बोर्ड की पहली बैठक में क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया है, मेयर ने आश्वस्त किया है कि व्याप्त समस्या का निदान जल्द से जल्द किया जाएगा।
आज से रोजा, फिर भी नहीं हुई साफ-सफाई
वार्ड के मो नौशाद ने कहा कि पानी का संकट है। सप्लाई का पानी आता नहीं और चापानल बेकार पड़ा है। रमजान के बावजूद पानी की व्यवस्था नहीं की गई।
रशीदा खातून ने कहा कि गुरुवार से रोजा शुरू है और क्षेत्र में गंदगी का आलम है। पवित्र माह में भी लोगो को गंदगी के बीच पर्व गुजरना होगा।
मो. शहबाज ने कहा कि सर्वाधिक मुश्किल बरसात के दिनों में होती है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बराबर जल जमाव की स्थिति बनी रहती है।
अब्दुल सत्तार ने कहा कि छह माह पूर्व क्षेत्र का चापानल विभागीय कर्मी उखाड़ कर ले गया, उसे अभी तक नही लगाया गया है। पानी के लिए परेशान हैं।
मो. खालिद ने कहा कि सप्लाई का पानी नहींं आया तो क्षेत्र में हाहाकार मच जाता है। गर्मी के मौसम में पानी के लिए काफी परेशानियां झेलनी पड़ती है।
अधिवक्ता अली जान अंसारी ने कहा कि वार्ड में कभी साफ-सफाई होती ही नहीं। तीन-चार माह में एक बार हो गई तो गनीमत है। खुद नाली की साफई करनी पड़ती है।