गिरिडीह | कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा व जिला पार्टी प्रवक्ता सतीश केडिया ने झाविमो के केन्द्रीय सचिव सुरेश साव के उस बयान की कड़ी निंदा की है जिसमें साव को कांग्रेस को अपनी जमीन देखने की सलाह दी गई है। शनिवार को अपने बयान में नेता द्वय ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा अजय कुमार ने गिरिडीह व कोडरमा लोकसभा सीट पर अपनी दावेदारी की बात कही है। उन्होंने यह नही कहा कि गठबंधन के बावजूद कांग्रेस इन स्थानों पर अपना उम्मीदवार देगी। नेता द्वय ने कहा कि झाविमो नेता को कांग्रेस को आईना दिखाने से पूर्व ननि चुनाव में अपनी स्थिति का आकंलन करना चाहिए। कहा गया कि विगत लोस व विस चुनाव में भी झाविमो की स्थिति बेहतर नही रही थी। नेता द्वय ने कहा कि गंठबंधन के संदर्भ में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि आलाकमान के निर्देशों का ईमानदारी से पालन किया जाएगा। आलाकमान यह तय करेगी कि कौन किस सीट से चुनाव लड़ेगा। नेता द्वय ने कहा कि गठबंधन में शामिल दलों को बयानबाजी में गरिमा का ख्याल रखना चाहिए।