जिला परिषद की शनिवार को आयोजित सामान्य बैठक हंगामेदार रही। बैठक की शुरूआत ही हंगामे से हुई। सात एजेंडे को लेकर शुरू हुई बैठक की शुरूआत विगत बैठक की समीक्षा से की गई। विगत बैठक के अनुपालन पर चर्चा के दौरान सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने विभिन्न विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जतायी। मामले को विधायक प्रतिनिधि राजेश यादव ने प्रमुखता से उठायी जिसका समर्थन सभी सदस्यों ने किया। कई सदस्यों के मामले में तेवर तल्ख थे। कहा गया कि जब सदस्यों की गरिमा ही नही बचेगी तो सदन में बैठने का क्या लाभ? बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिप अध्यक्ष राकेश महतो व उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान ने सदस्यों के तल्ख तेवर पर मरहम लगाने का काम किया। नेता द्वय ने कहा कि सदस्यों की उपेक्षा किसी कीमत पर बर्दाश्त नही की जायेगी।
बैठक में मौजूद जिप सदस्य।
चकमंजो तालाब पर खर्च की गई 70 लाख की राशि की होगी जांच, सदन में हुआ पारित
जिला परिषद सदस्य मनोब्बर हसन बंटी ने जमुआ के चकमंजों गांव में लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित तालाब का मामला उठाया। मामले की असलियत जान सदन चकित रह गई। बंटी ने सदन को जानकारी दी कि उक्त गांव में 70 लाख की राशि से तालाब की खुदाई हुई है जिसमें खानापूर्ति कर राशि की निकासी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार के साथ सांठगांठ कर विभागीय अधिकारियों ने लूट को अंजाम दिया है। बंटी ने सदन को जानकारी दी कि पूर्व में भी मामले को उठाया गया तब अभियंता ने ठेकेदार को मैनेज करने के लिए आवास भेजा था। उन्होंने मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की। मामले में डीडीसी दास ने कहा कि कार्यपालक अभियंता के नेतृत्व में जांच टीम का गठन कर दस दिनों में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जायेगी।
सदस्यों की अनुशंसा पर खर्च होगी राशि
डीडीसी मुकुंद दास ने बताया कि जिला परिषद सदस्यों की अनुशंसा पर जिले में 6.43करोड़ की राशि खर्च की जायेगी। कहा कि सभी राशि पेयजल व स्वच्छता पर खर्च की जायेगी। उन्होंने बताया कि कोई भी योजना जिला परिषद सदस्यों की अनुशंसा के बगैर पारित नही की जायेगी। कहा कि सदस्यों की अनुशंसा के बाद शौचालय व ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजना पीएचईडी विभाग द्वारा की जायेगी। डभ्डभ्सी ने बताया कि योजना के तहत स्ट्रीट लाइट पर भी राशि खर्च की जानी थी पर सदस्यों ने इसे अमान्य कर दिया।
बस स्टैंड दुकानों की लाॅटरी से होगी नीलामी
बगोदर बस स्टैंड में निर्मित दुकानों की लाटरी द्वारा नीलामी की जायेगी। विदित हो कि बगोदर बस स्टैंड में 77 दुकान बनकर कई माह से तैयार है। आवंटन के अभाव में जिप को राजस्व की क्षति हो रही है। बताया कि बगोदर, डुमरी, गांवा, धनवार बस स्टैंड में निर्मित दुकानों की गारंटी राशि कम कर दी गई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रखंडों में स्थित डाकबंगला को विवाह भवन में परिवर्तित किया जायेगा। इससे राजस्व का लाभ होगा। बैठक में बगोदर प्रमुख मुश्ताक अंसारी ने विद्यालय मर्ज का विरोध किया। कहा कि कई विद्यालयों के मर्ज में प्रावाधानों की अनदेखी की गई है। बैठक में जिप सदस्य पूनम महतो ने कृषि विभाग की बखिया उधेड़ कर रख दी। कहा कि कागजों पर कई सुंदर स्कीम दर्शाया जाता है पर जमीनी हकीकत कुछ नही होती। स्थानीय अधिकारी केवल लूट में मस्त है। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव के अलावा कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार, जिप सदस्य जयंती चौधरी, पूनम महतो, गीता हाजरा, सरिता पांडेय, सांसद प्रतिनिधि यदुनंदन, अर्जुन, राजेश सहित कई लोग मौजूद थे।