पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पंचायत से नगर निगम में शामिल होने के बाद भी वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

पंचायत से नगर निगम में शामिल होने के बाद भी वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचायत से नगर निगम में शामिल हुए वार्ड संख्या 11 के अधिकतर क्षेत्राें में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। सरकार गांव के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है पर पेयजल की गंभीर समस्या, बिजली की अनियमितता व गंदगी मानो क्षेत्र की पहचान बन गई है।

सिहोडीह मेन रोड, पटेल नगर, मोर्यापुरी कालोनी, शिवपुरी कालोनी, हरिजन महल्ला, मुस्लिम महल्ला, चौधरी महल्ला, तुरिया टोला को शामिल कर बनायी गई वार्ड में पानी की गंभीर समस्या सालों भर बनी रहती है। पंचायत से नगर निगम में शामिल इस क्षेत्र जलजमाव भी गंभीर समस्या बनी रहती है। गर्मी में पेयजल की किल्लत तो बरसात में क्षेत्र का मंजर दरिया जैसा रहता है। पंचायत से ननि में शामिल इस क्षेत्र में पेयजलापूर्ति के लिए कोई पाइप नहीं बिछायी गई है। तीस के करीब चापानल है उनमें दो दर्जन खराब पड़ी है। क्षेत्र के कुओं में पाताल नजर आ रहा है। तो दूसरी ओर बरसात के दिनों में स्थानीय लोगो को रोजाना व्यवस्था से जंग लड़ना पड़ता है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण क्षेत्र में जल जमाव की स्थिति बनी रहती है।

हमारी समस्याओं काे चाहिए तारणहार

पानी की किल्लत, बरसात में जलभराव

खराब पड़े चापानल।

वार्ड में जगह-जगह लगा है कचरे का अंबार।

नगर निगम से लोगों की आस

सहदेव दास ने कहा कि गांव के विकास के लिए केन्द्र व राज्य सरकार कई योजनाएं चलाती है, पर क्या वैसी योजनाएं केवल कागजों पर होती है? कहा कि कमाने-खाने की जिम्मेवारी तो खुद की होती है पर बुनियादी सुविधाएं कौन देगा।

जोगेश्वर गोप ने कहा कि क्षेत्र में व्यवस्था सुधार की कोई पहल नहीं की जा रही है। इतने दिनों तक गांव का दंश झेला, अब नगर निगम में क्या होगा यह तो भविष्य ही बताएगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं बनेगी, पर वह जल्दी हो तो बेहतर हो।

गृहिणी सुमा देवी ने कहा कि सुबह से शाम तक पानी के जुगाड़ में ही बीत जाता है। कहा कि क्षेत्र में जो भी चापानल है उसमें इतनी लंबी लाइनें रहती है कि सब्र जबाव दे जाता है। कहा कि समय-समय पर नदी खोद कर पानी की तलाश करनी पड़ती है।

नए सिरे से संवारने की है जरूरत : अशोक राम

वार्ड पार्षद अशोक राम ने साफगोई से माना कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। न पेयजल की और न साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि नया वार्ड का गठन हुआ है, सभी कुछ नए सिरे से करना है। कहा कि क्षेत्र में तीस के करीब चापानल है पर इनमें अधिकतर खराब है। अब तक लघु ग्रामीण योजना से क्षेत्र में पानी की व्यवस्था की जा रही थी पर वह पचास घर से ज्यादा को उपलब्ध नहीं हो पाता था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी आबादी गरीबों की है। बरसात से पूर्व उन्हें आवास मुहैया कराना उद्देश्य है, कहा कि कई आवास कच्ची मिटी की बनी है जो कभी भी धाराशाही हो सकती है।

पूरन दास ने कहा कि क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी दो-तीन चापानल पर टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि शहर से सटा ग्रामीण इलाका है पर इसका कोई लाभ नहीं है। कहा कि बोरिंग के कारण क्षेत्र का अधिकतर कुआं सूखा हुआ है।

फुलवा देवी ने कहा कि पड़ोसी गांव के मेयर बने है, उनसे अपेक्षा है कि इन क्षेत्रों का त्वरित विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी की किल्लत, गंदगी का साम्राज्य व कच्ची सड़कें अब भी पुराने दिनों की याद दिलाती है पर आशा है जल्द ही यहां की सूरत बदलेगी। निगम में उम्मीदें हैं।

खबरें और भी हैं...