टैब खरीद में 56 करोड़ का शिक्षा मंत्री ने किया घोटाला : डाॅ. अजय
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अजय कुमार ने कहा कि राज्य की शिक्षा मंत्री नीरा यादव ने टैब खरीदी में 56 करोड़ का घोटाला किया है। कहा कि कांग्रेस जांच टीम का गठन कर पूरे मामले की गहन समीक्षा करेगी। बच्चों को टैब के नाम पर प्लास्टिक का डब्बा थमा दिया गया है। डाॅ. कुमार मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में बिहार व छत्तीसगढ के मुकाबले सरकारी भवन निर्माण में दोगुनी राशि खर्च की जा रही है। जांच के बाद कांग्रेस भ्रष्टाचार का मामला उजागर करेगी। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को मिली हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डा कुमार ने कहा कि 1985 के बाद यहां कोई भी दल दोबारा सत्ता में नहीं आयी है। एक सवाल के जबाव में डा कुमार ने कहा कि विगत दस साल से भाजपा पार्टी आलाकमान राहुल गांधी पर हमलावर रवैया अपनाए हुए है। कहा कि इतनी आलोचना के बाद भी राहुल गांधी ने कभी राजनीतिक सीमा नहीं लांघी। डाॅ. कुमार ने कहा कि आसन्न विधानसभा व लोकसभा चुनाव में सीट का विश्लेषण कर हिस्सेदारी तय की जायेगी।
मीडिया से बातचीत करते प्रदेशाध्यक्ष।
नेता बड़ा हो छोटा, अनुशासन सभी के लोगों के लिए जरूरी
उपेंद्र सिंह प्रकरण पर डाॅ कुमार ने कहा कि नेता बड़ा हो छोटा अनुशासन जरूरी है। जिलाध्यक्ष की रिपोर्ट पर उपेंद्र सिंह के खिलाफ जांच करायी जा रही है। मामला सही हुआ तो कठोर कार्रवाई की जायेगी, निर्दोष हुए तो दल में ससम्मान उनकी वापसी होगी।