गोइलकेरा-चक्रधरपुर मार्ग में तेज रफ्तार बाइक ओवरटेक करने के दौरान हाइवा की चपेट में आ गई। इससे बाइक पर सवार दोनों लोगों की कुचलकर मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह करीब सात बजे की है। मृतकों की पहचान घासीराम नायक (32) निवासी भरडीहा व देव प्रकाश नायक (48) निवासी परलीपोस के रूप में हुई है। घासीराम व उनके मामा ससुर देव प्रकाश गोइलकेरा से बाइक पर सोनुवा के उदयपुर जा रहे थे। इसी क्रम में डालैकेला गांव से पहले झारनासा नामक स्थान पर उनकी तेज रफ्तार बाइक ओवरटेक करने के दौरान आगे चल रहे हाइवा की चपेट में आ गई। बाइक हाइवा के पिछले पहिए के नीचे आ गई और मौके पर ही दोनों लोगों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। गोइलकेरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हाइवा और दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर ली गई है। मृतकों के परिजनों ने भी गोइलकेरा थाने पहुंचकर बयान दर्ज कराया।
दुर्घटनाग्रस्त बाइक व हाइवा।
बाइक व कपड़ों से हुई मृतकों की पहचान
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान उनकी बाइक से की गई। हाइवा की चपेट में आने के बाद घासीराम और देव प्रकाश नायक के चेहरे बुरी तरह कुचल गए थे। इससे उनकी पहचान मुश्किल हो गई थी। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने उनकी बाइक को और कपडों से उन्हें पहचाना। कुछ मिनटों पहले ही दोनों उसी बाइक से गोइलकेरा बाजार में रुकने के बाद वहां से गुजरे थे। लोगों ने उन्हें देखा था। घासीराम नायक उदयपुर अपने ससुराल जा रहे थे। उनकी प|ी अपने बच्चों के साथ कुछ दिन के लिए मायके गई थी।