पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गोइलकेरा स्टेशन में पुलिस के जवान से मोबाइल छिनतई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गोइलकेरा रेलवे स्टेशन में छिनतई की एक घटना में बदमाशों ने पुलिस के जवान शंकर महतो को अपना निशाना बनाया। शुक्रवार की रात स्टेशन में खड़ी अप पैसेंजर ट्रेन में सवार झारखंड पुलिस के जवान शंकर से बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। पीछा करने पर गोली मारने की धमकी दी और भाग गए। जमशेदपुर के सोनारी एयपोर्ट में सुरक्षा में तैनात जिला पुलिस के जवान शंकर महतो शुक्रवार को ट्रेन से टाटानगर से अपने घर मनोहरपुर जा रहे थे। रात करीब नौ बजे अप पैसेंजर ट्रेन गोइलकेरा स्टेशन पहुंची। उसी दौरान प्लेटफाॅर्म पर खड़े बदमाशों ने खिड़की से मोबाइल पर बात कर रहे शंकर महतो की सैमसंग जे फाइव प्राइम मोबाइल छीन ली। मोबाइल लेकर भागते बदमाश काे जवान ने ट्रेन से उतरकर पीछा किया। इस पर बदमाशों ने जवान को गोली मारने की धमकी दी। इसी बीच ट्रेन गोइलकेरा से खुल गई। शंकर कुछ साल पहले गोइलकेरा थाने में भी ड्यूटी कर चुके हैं।

स्टेशन से गायब थे आरपीएफ के जवान

जवान ने मामले की शिकायत आरपीएफ से करने की कोशिश की। लेकिन स्टेशन में आरपीएफ का कोई जवान मौजूद नहीं था। गोइलकेरा स्टेशन में सुरक्षा के लिए रेल सुरक्षा बल द्वारा आरपीएफ जवानों की तैनाती की जाती है। लेकिन बताया जाता है कि आरपीएफ के जवान मनोहरपुर पोस्ट से आकर ड्यूटी करते हैं। रात में ड्यूटी करने के लिए जवान अक्सर आधी रात में डाउन पैसेंजर ट्रेन से मनोहरपुर से आते हैं। गोइलकेरा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो में पहले भी छिनतई की घटना हो चुकी है।

खबरें और भी हैं...