प्रधानमंत्री आवास में ढलाई वाली छत ही बनाएं: बीडीओ
गोइलकेरा| मंगलवार को गोइलकेरा प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में बीडीओ हरि उरांव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि आवास में ढलाई वाली छत का ही निर्माण करना है। किसी भी हाल में छत में एसबेस्टस या जीआई सीट नहीं लगानी है। उन्होंने लाभुकों को बिचैलियों से दूर रहने को कहा। बैठक में बताया गया कि पीएम आवास योजना के तहत पक्के घरों का निर्माण होगा। लेकिन पूर्व में कई लाभुकों ने दीवारें पक्की बनाने के बाद छत पर एसबेस्टस या जीआई सीट लगा दिया था। अब ऐसा नहीं चलेगा। गोइलकेरा प्रखंड में चालू वित्तीय वर्ष में कुल 210 नए प्रधानमंत्री आवास का निर्माण होगा। गोइलकेरा पंचायत में 14, कायदा में 27, केबरा में 25, सारूगाडा में 16, बारा में 14, बिला में 25, आराहासा में 18, गम्हरिया में 19, कदमडीहा में 18, कुईडा में 15 और तरकटकोचा में 18 पीएम आवास स्वीकृत किए गए हैं। इस वर्ष तीन किस्तों में लाभुकों को राशि निर्गत की जाएगी। पहली किस्त के रूप में 40 हजार, दूसरी किस्त 85 हजार और तीसरी किस्त 5 हजार रुपए होगी। इसके अलावा मनरेगा के तहत 15 हजार रुपए मजदूरी भी दी जाएगी।