पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 2.80 करोड़ से बन रहे पार्क में हो रहा घटिया निर्माण

2.80 करोड़ से बन रहे पार्क में हो रहा घटिया निर्माण

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर की सौंदर्यता व पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वेसली जलाशय के पास वृंदावन गार्डन की तर्ज पर 2.80 करोड़ की लागत से 2 पार्क बनाए जा रहे हैं। दाेनों पार्कों में बड़े घाट व सीढ़ियों के साथ आकर्षित झूले लगाए जाएंगे। फिलहाल पार्क की बाउंड्रीवॉल के साथ निर्माण शुरू किया गया है। जिसका ठेका ग्वालियर की बांको कंपनी को दिया गया है, लेकिन ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण कर नगर की सौंदर्यता को ग्रहण लगाया जा रहा है। निर्माण में अनियमितताओं को लेकर नगरवासियों ने प्रशासन के अधिकारियों से जांच की मांग की है।

गड़बड़ी

गोहद में वेसली जलाशय के पास वृंदावन धाम की तर्ज पर बन रहे पार्क में ठेकेदार कर रहा है घटिया मटेरियल का उपयोग

धीमे कार्य से निकल रहा कार्यकाल

पार्क के धीमे कार्य से निर्माण की समयावधि निकलती जा रही है। बता दें कि पांच माह पूर्व पार्कों का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है, जिसका कार्य अक्टूबर माह तक पूरा होना है, लेकिन कार्य की अति धीमी गति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि समय पर नगरवासियों को पार्क की सौगात प्राप्त नहीं हो सकेगी। जबकि निर्माण के लिए 40 फीसदी राशि का भुगतान भी कंपनी को कर दिया गया है। समाजसेवियों का कहना है कि पार्क बनने से लोगों को सुंदर वातावरण प्राप्त होने लगेगा, मगर धीमी गति से चल रहा अनियमितता पूर्वक कार्य के कारण लोगों के मन में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हालांकि नगर पालिका अधिकारियों का दावा है कि कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है, जिसकी समय-समय पर जांच की जाती है।

जलाशय में किए गहरे गड्ढे

वेसली जलाशय और लक्ष्मण तलैया पर बनने वाले पार्कों के लिए निर्माण ठेकेदार द्वारा सिंध नदी की जगह क्वारी नदी का रेत उपयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं निर्माणकारियों ने पार्क में भराव के लिए बेसली जलाशय से मिट्टी खोदना शुरू कर दिया है। जिससे सरोवर में गहरे गड्ढे हो गए हैं। मालूम हो कि जलाशय में हुए गड्ढों से पूर्व में भी कई घटनाएं हुई हैं, इसके बाद भी प्रशासन द्वारा बेसली नदी में मिट्टी की खुदाई बंद नहीं कराई गई है। नगर वासियों का कहना है कि ठेकेदार निर्माण के लिए घटिया मटेरियल का उपयोग कर रहा है। पार्क में न तो बेस ठीक से निर्धारित किया गया है और नहीं निर्माण की क्वालिटी पर ध्यान दिया जा रहा है।

पार्क का गुणवत्ताहीन निर्माण

पार्क का ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन निर्माण किया जा रहा है। जिसकी नपाधिकारियों ने जांच तक नहीं की है। इसके साथ ही निर्माण धीमी गति से किया जा रहा है। जबकि इस संबंध में अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है, लेकिन सुनवाई नहीं की गई है। -संजू तोमर, स्थानीय रहवासी, गोहद

हम जांच करेंगे

पिछले तीन चार दिन से बाहर हूं, अगर किसी प्रकार की निर्माण में अनियमितता है तो हम निरीक्षण करेंगे। गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। -उपयंत्री एके वर्मा, उपयंत्री नगर पालिका, गोहद

खबरें और भी हैं...