केजरीवाल एमपी से कम पैसों में किसानों को दे रहे बिजली
बिजली की महंगी दरों को लेकर आप कार्यकर्ता अधिकारी को ज्ञापन देते हुए।
बिजली की कीमतों को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने सीएम के नाम दिया ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | लहार/गोहद
मध्यप्रदेश में बिजली की बढ़ी कीमतों के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लहार और गोहद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम अधिकारियों को ज्ञापन दिए हैं। ज्ञापन में लहार के आप नेता योगेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा दिल्ली में केजरीवाल सरकार एमपी से एक तिहाई कम दामों में लोगों को बिजली सप्लाई दे रही है। मगर प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार बिजली के दाम बढ़ाकर आम लोगों की जेब खाली कर रही है।
वहीं किसानों को भी मनमाने तरीके से बिल थमाए जा रहे हैं, साथ ही बिल समय पर अदा नहीं करने पर कंपनी अधिकारियों द्वारा उनके कनेक्शन काट दिए जाते हैं, जिसके कारण किसानों को उपज में घाटा सहन करना पड़ता है। ज्ञापन देने वालों में आप नेता अमन खान, विधानसभा सचिव शरीफ खान, आसाराम राठौर, अरविंद प्रजापति, कमल सिंह, रामवीर कुशवाह, हरीश सिंह, महेश भगत, दीनदयाल कुशवाह, चंद्रशेखर दुबे, नंदकिशोर दुबे, संजय सहित आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तीन मुद्दों पर करेंगे आंदोलन: लहार में आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन देते हुए सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी है। कार्यकर्ताओं ने प्रमुख मुद्दे किसान कर्ज माफी, महंगी बिजली और रोजगार के लिए आंदोलन का ऐलान किया है। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रकट करते हुए कहा मध्यप्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई बहुत ही दयनीय अवस्था में है। आम आदमी किसान युवा बेहद परेशान है, हमारा मप्र कृषि प्रधान राज्य है, जिसकी अर्थव्यवस्था भी कृषि पर आधारित है। विगत 3 वर्षों से लगातार प्रदेश का किसान कम बारिश ओलावृष्टि से फसल का नष्ट होना, उपज के दाम व समय पर उचित बीज न मिलने के कारण कर्ज के बोझ से किसान दबा जा रहा है। हालात इतने बुरे हैं कि आज किसान लहसुन और टमाटर 2 रुपए प्रति किलो के दाम पर बेचने को मजबूर है।
भोपाल में 26 से करेंगे अनशन: उधर गोहद में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिजली के बढ़े हुए दामों के विरोध में एसडीएम डीके शर्मा को ज्ञापन दिया है। पार्टी नेता सोमेश भटेले ने बताया आज मध्यप्रदेश में प्रतिदिन 5 किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पिछले चुनाव में किसानों के लिए एक आयोग बनाकर कर्ज माफ करने की घोषणा की थी, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी प्रदेश के मुखिया ने कुछ नहीं किया है। उन्होंने बताया आज देश की सबसे महंगी बिजली दर मध्यप्रदेश में है। प्रदेश में भ्रष्टाचार के कारण 25 लाख से अधिक शिक्षित युवा बेरोजगारी से परेशान हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि अगर पार्टी की मांगें पूरी नहीं की गई तो भोपाल में 26 मई से अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।