क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को ट्रॉफी देते हुए अतिथि।
भास्कर संवाददाता | गोहद
गोहद चौराहा स्थित खेल ग्राउंड में चल रहे विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को महाकाल क्लब का मुकाबला रामजानकी क्लब के साथ हुआ। महाकाल क्लब ने पहले बेटिंग करते हुए 12 ओवर में चार विकेट खोकर 140 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामजानकी टीम के बल्लेबाज 9 विकेट गंवाकर 12 ओवर में 104 रन पर ही सिमट गए। विजेता टीम की ओर से सर्वाधिक रन सोनू पंडित ने बनाए। सोनू को नाबाद 73 रनों की पारी खेलकर 5 विकेट झटकने पर कमेटी की ओर से मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। इसके साथ ही प्रमोद कामत ने अपनी टीम के लिए 39 रन की सराहनीय पारी खेलकर टीम को जीत की ओर ले गए।
युवाओं का भविष्य खेल में छिपा हुआ है: चौहान
क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने पहुंचे भाजयुमो नेता रिषेंद्र सिंह चौहान ने कहा खेल में युवाअों का भविष्य छुपा हुआ है। हम यदि अपने खेल के प्रति पूरी मेहनत व लगन के साथ परिश्रम करें तो सफलता के द्वार अवश्य खुलेंगे। उन्होंने बताया इंटरनेशनल टीमों में कई ऐसे खिलाड़ी हुए हैं जो केवल अपनी मेहनत की दम पर आगे बढ़े हैं और उन खिलाड़ियों ने परिवार व देश का मान दुनिया में बढ़ाया है। प्रतियोगिता के अवसर पर भगत सिंह, रिंकू चौहान, प्रमोद कामत, भानु गुर्जर, आलोक शर्मा, मुकेश गुप्ता, सचिन तोमर चंदोखर, संतोष कुशवाह, विकास जैन सहित आदि दर्शक मौजूद रहे।