किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष बोले- मंडी में उपज तौल में हो रही धांधली
जन समस्याओं को लेकर बुधवार को किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष गुर्जर ने एसडीएम डीके शर्मा को ज्ञापन दिया है। इससे पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्गों से रैली निकालते हुए राज्य सरकार के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री गुर्जर ने कहा गोहद मंडी में किसानों की उपज तुलाई में धांधली की जा रही है। तुलाई में किसानों का प्रति बोरा पर एक किलो तक अधिक अनाज लिया जा रहा है। इतना ही नहीं किसानों को सरकार की तरफ से 50 हजार रुपए नकदी देने का प्रावधान तय किया गया था, लेकिन चेक से पेमेंट कर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
5 दिन में समाधान नहीं तो करेंगे आंदोलन
किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जन समस्याओं के निवारण के लिए शासन व प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन में 5 दिवस का समय दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि निर्धारित अवधि में उक्त समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मौ नगर परिषद द्वारा नगर में पाइप लाइनें बिछाने में लाखों रुपए का घोटाला किया जा रहा है, जिसकी उचित जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही लोगाें को बिजली के खपत के अनुसार बिल न देते हुए आंकलित बिल थमाए जा रहे हैं। भीषण गर्मी में नगर पालिका प्रशासन ने प्रमुख मार्गों पर प्याऊ की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई है। दूसरी ओर नगर में चलने वाले सफाई अभियान को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। ज्ञापन देने वालों में अजीत शर्मा, विजय शर्मा, दिनेश सिंह गुर्जर, धीरज शिवहरे, गंगासिंह चौहान, प्रदीप गुर्जर सहित आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।