युवा भटका हुआ है, चाय-पान की दुकान पर समय बर्बाद न करें: सिकरवार
गोहद चौराहा स्थित ग्राउंड में चल रहे विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान बुधवार को खिलाड़ियों के बीच पहुंचे गोहद चौराहा थाना प्रभारी नंदगोपाल सिंह सिकरवार ने खिलाड़ियों का परिचय लेते हुए कहा आज का युवा भटका हुआ है, वह चाय-पान के ठेलों पर समय व्यतीत कर जीवन बर्बाद कर रहा है । खेल ऐसा माध्यम है, जिससे युवा अपने जीवन को सुधार सकते हैं। खेलों से भविष्य निर्धारित किया जा सकता है। इसलिए हम खेलों के प्रति कड़ी मेहनत कर निकट भविष्य को सुधार सकते हैं। थाना प्रभारी श्री सिकरवार ने विजेता टीम की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी देकर जीवन में इसी तरह खेलों के प्रति अपनी रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
बजरंग क्लब ने 24 रन से जीता मैच: क्रिकेट टूर्नामेंट में बजरंग क्लब टीम का मैच डांग सरकार क्लब के साथ खेला गया। बजरंग क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम की ओर से बल्लेबाजों ने दस ओवर में कुल 91 रन बनाकर विपक्षी टीम को 92 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डांग सरकार टीम के बल्लेबाज 10 ओवर में 67 रनों के न्यूनतम स्कोर पर ही सिमट गए। विजेता टीम की ओर से भानू गुर्जर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें मैन आॅफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।