राज्यमंत्री का बीच रोड पर रुका काफिला, लगा जाम
मौ | राज्यमंत्री लालसिंह आर्य शुक्रवार को गोहद व मौ क्षेत्र के इलाकों में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे। मंत्री का काफिला शाम पौने पांच बजे जैसे ही सेंवड़ा रोड से होकर किटी गांव के लिए गुजरा तो कुछ कार्यकर्ताओं को देखकर उनके ड्राइवर ने अपनी गाड़ी बीच रोड पर पार्क कर दी। राज्यमंत्री ने रोड पर ही खड़े होकर 20 मिनट तक कार्यकर्ताओं से चर्चा की, तब तक रोड पर करीब आधा किमी की लंबाई में जाम लगा रहा। शाम 5 बजकर 5 मिनट पर जब राज्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ा तब रोड पर जाम खोला गया। खास बात यह रही कि मंत्री के काफिले के साथ पुलिस की गाड़ियां भी चल रही थीं। लेकिन जिस यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन दमखम दिखा रहा है, उसके जिम्मेदार खुद पुलिस अफसर भी हैं। हालांकि कुछ समय बाद रोड पर रास्ता बहाल कर दिया गया।