आंधी में टूटे बिजली के खंबे व लाइनें, 12 गांवों में अंधेरा
पिछले दिनों चली तेज आंधी के कारण गोहद कस्बे के दर्जनों गांवों में अंधेरा फैल गया है। इलाके में बिजली के खंभे व लाइनें टूटने से एंडोरी सब स्टेशन से बिजली सप्लाई ठप हो गई है। बिजली कंपनी के कर्मचारी मेंटेनेंस में जुटे हुए हैं, लेकिन जगह-जगह हुए फॉल्ट को सही करने में खासा वक्त लग रहा है। ऐसे में इन गांवों में विद्युत आपूर्ति नहीं होने से लोगों को गर्मी के साथ मच्छरों से भी जूझना पड़ रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मेंटेनेंस का कार्य चल रहा है जल्द ही गांवों में विद्युत प्रवाह शुरू कराएंगे। मगर बिजली सप्लाई कब तक बहाल हो सकेगी, यह कहना अभी मुश्किल होगा।
परेशानी
गोहद क्षेत्र में आई आंधी के कारण ग्रामीण इलाकों में फैला ब्लैकआउट
गांवों में पानी की किल्लत
ग्रामीण इलाकों में जहां बिजली गुल है, वहां लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। बिजली के साथ ही गांवों में पानी की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। बता दें कि सहालग का सीजन शुरू हो गया है, ऐसे में गांवों में होने वाले कार्यक्रमों में लोगों को सबसे अधिक आवश्यकता बिजली की रहती है। लेकिन पिछले तीन दिन से गांवों में ब्लैक आउट पसरा हुआ है। लोग शादी समारोह के लिए इंजन रखकर काम चला रहे हैं। वहीं दिनों दिन बढ़ती गर्मी से महिलाओं व बच्चों में परेशानी बढ़ने लगी है। क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बिजली की समस्या आम होती जा रही है। जिसके कारण स्कीम बोर व नल-जल योजना का भी लोगों को ठीक से लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बिजली के अभाव में बढ़ी समस्या
एंडोरी सब स्टेशन से भोनपुरा, ऐनो, पड़राई, बरौना, बकनासा, बाराहेड, पिपाड़ी हेड और टेटोन सहित दो दर्जन गांवों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित बनी हुई है। इन गांवों में पूर्व से ही खंबों पर जर्जर लाइनें हैं, जिन्हें बदलना तो दूर कभी मेंटेनेंस भी नहीं कराया गया था। बता दें कि क्षेत्र में गर्मियों के दिनों में हल्की हवा चलने पर भी यह लाइनें खंबों से टूटकर जमीन पर गिर पड़ती हैं। ऐसे में गर्मियों में चलने वाले आंधियों के दौर में गांवों की विद्युत व्यवस्था किस प्रकार से संचालित हो सकेगी, इसके लिए कहा नहीं जा सकता है। फिलहाल कंपनी अधिकारी आश्वासन दे रहे हैं कि जल्द ही बिजली की समस्या से ग्रामीणों को छुटकारा मिल सकेगा।
तीन दिन से झेल रहे परेशानी
आंधी आने के साथ ही तीन दिन पहले शाम को बिजली गुल हो गई थी। जिसके बाद आज तक गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली के अभाव में ग्रामीण कई प्रकार की परेशानियां झेल रहे हैं। -शिवनाथ सिंह तोमर, स्थानीय निवासी, एंडोरी
मेंटेनेंस कार्य चल रहा है
तेज आंधी के चलते तार व खंबे टूट गए हैं। जिनका मेंटेनेंस कराया जा रहा है। जल्द ही प्रभावित क्षेत्र के गांवों में बिजली बहाल की जाएगी। -शुभव कुमार, डीई, बिजली कंपनी, गोहद