गोहाना. किसान जागरूकता कैंप में किसानों को जानकारी देते कृषि अधिकारी।
गोहाना | कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा गामड़ी गांव में किसान जागरूकता कैंप लगाया गया। कैंप में कृषि अधिकारियों ने किसानों को धान के स्थान पर कपास की कृषि करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों को कपास की कृषि करने के लाभ भी बताए। अधिकारियों ने किसानों को बीज उपचार के बाद ही फसल की बिजाई करने की सलाह दी।
एसडीओ राजेंद्र मेहरा ने कहा कि किसान धान की रोपाई को अधिक महत्व देते हैं। धान की खेती में सिंचाई की अधिक आवश्यकता होती है। वहीं रासायनिक खाद एवं दवाओं की भी अधिक जरूरत पड़ती है। इससे फसल उत्पादन का खर्च अधिक बढ़ जाता है। किसान धान के स्थान पर कपास की फसल की बिजाई करें। कपास की कृषि में किसान कम खर्च पर अधिक लाभ ले सकते हैं। अधिक उत्पादन लेने के लिए उपचारित बीज का प्रयोग करना अनिवार्य है। कैंप में उन्होंने किसानों को फसल बीमा योजना के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फसल बीमा करवाकर किसान प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर मुआवजा प्राप्त कर सकते हैं।