गोहाना | महम रोड स्थित पावर हाउस परिसर में मांगों को लेकर सेवानिवृत बिजली कर्मचारी वेल्फेयर एसोसिएशन के सदस्यों की मीटिंग हुई। मीटिंग में सेवानिवृत कर्मचारियों की मांगों की समीक्षा की गई। आयु के आधार पर पेंशन में वृद्धि की मांग को लेकर सेवानिवृत कर्मचारियों ने एसडीएम आशीष कुमार को ज्ञापन दिया। एसडीएम ने कर्मचारियों को उनकी मांगें सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र सिंह सैनी ने कहा कि सेवानिवृत कर्मचारी सरकार की अनदेखी का शिकार हो रहे हैं। कर्मचारियों को पेंशन में वृद्धि का वांछित लाभ नहीं मिल रहा है। सेवानिवृति के बाद 80 वर्ष की आयु में उनकी 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि होती है। जबकि पंजाब, यूपी, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में यह वृद्धि 65 वर्ष की आयु में होती है। इसी प्रकार 90 वर्ष की आयु में 50 और 100 वर्ष की आयु में शत प्रतिशत पेंशन वृद्धि का लाभ दिया जाता है। दूसरे प्रदेशों में ये लाभ 70 और 80 वर्ष की आयु में मिलते हैं। वहीं सेवानिवृति से पूर्व उन्हें 160 यूनिट बिजली फ्री दी जाती थी। सेवानिवृति के बाद निगम अधिकारियों ने फ्री यूनिट का लाभ भी बंद कर दिया। कर्मचारियों को केवल 500 रुपए ही मेडिकल अलाउंस मिलता है। ज्ञापन के माध्यम से सेवानिवृत कर्मचारियों ने सरकार से एक हजार रुपए अलाउंस देने, कर्मचारियों की विधवाओं को एलटीसी का लाभ देने, प्रतिमाह 160 यूनिट निशुल्क देने और पेंशन वृद्धि का लाभ देने की मांग की। इस अवसर पर साहब सिंह, प्रभु दयाल, हवा सिंह, धर्मपाल, रामकुवार, सुरेश आदि उपस्थित थे।