पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मथुरा पानीपत पाइप लाइन से तेल चोरी करने को लगाई वाल्व

मथुरा-पानीपत पाइप लाइन से तेल चोरी करने को लगाई वाल्व

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गोहाना | जौली गांव के खेतों से गुजर रही मथुरा-पानीपत पाइप लाइन से तेल चोरी करने के लिए चोरों ने दो इंची की दो वाल्व लगाएं। पाइप लाइन में सुराग करते समय गैसकट फट गई और पाइप लाइन का तेल खेत में ही फैल गया। इसकी सूचना रिफाइनरी अधिकारियों को मिली तो सोमवार देर शाम उत्तरी क्षेत्र पाइप लाइन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड पानीपत से अधिकारियों की टीम जौली गांव में पहुंची और लीकेज को बंद किया और जेसीबी से पाइप लाइन के आसपास मिट्टी लगाई। रिफाइनरी के अधिकारी राकेश की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मथुरा-पानीपत पाइप लाइन जौली गांव निवासी सुनील पुत्र दरियाव सिंह के खेत से गुजर रही है। पाइप लाइन करीब दो से ढाई फीट गहराई में दबाई हुई हैं। तेल चोरी करने के लिए आरोपियों ने लाइन की चैंनेज संख्या 306 किलोमीटर पर खुदाई की हुई थी। आरोपियों ने दो इंच की पाइप को सीधा वैल्ड करके उसमें दो इंच के दो वाल्व लगाकर सुराग कर दिए। आरोप है कि आरोपियों ने पाइप लाइन से तेल चोरी किया और मौके से फरार हो गए। माना जा रहा है कि तेल पाइप लाइन में सुराग करते समय जॉइंट के बीच लगाई गई गैसकट फट गई। पाइप लाइन में दबाव अधिक था, इसलिए तेल खेतों में भरना शुरू हो गया। सुनील के करीब दो बीघा खेत में तेल फैल गया। तेल अधिकारियों को जब इसकी सूचना मिली तो इंजीनियरों की टीम गांव में पहुंची और तेल चोरी करने में प्रयोग किए गए वाल्व, पाइप और अन्य उपकरण पुलिस को सौंप दिया।

एक माह में दूसरी घटना

मथुरा-पानीपत पाइप लाइन तेल चोरी करने वाले गिरोह के निशाने पर हैं। क्षेत्र में एक माह में चोरों ने दो बार पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त किया है। इससे पहले अप्रैल माह में शामड़ी गांव के पास शामड़ी चिढ़ाना रोड पर ईंट-भट्ठे के पास लहणा सिंह के खेतों से गुजर रही पाइप लाइन से तेल चोरी करने के लिए पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। उस दौरान भी पुलिस को दो इंची वाल्व मिली थी। जिस तरह से तेल चोरी की घटनाएं बढ़ रही है, उससे पाइप लाइन की सुरक्षा को लेकर लगाई गई गश्त पर सवाल खड़े होते हैं। कंपनी द्वारा पाइप लाइन क्षेत्र में गश्त करने के गार्ड लगाए गए हैं, फिर भी घटनाएं बढ़ रही है।

अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में ग्रामीण और कंपनी के गार्डों से भी पूछताछ करके जानकारी जुटाई जा रही है। सेठी मलिक, प्रभारी, थाना सदर, गोहाना

खबरें और भी हैं...