ऑटो और ट्रैक्टर की टक्कर में एक की मौत, चार घायल
गोहाना | बरोदा रोड पर खानपुर खुर्द गांव के पास ऑटो और ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। ऑटो में सवार बरोदा गांव निवासी दिलबाग (60) की मौत हो गई। वहीं चालक सहित चार लोग घायल हो गए। घायल सुरेश, प्रवीन, सुनील, हवा बरोदा गांव के ही रहने वाले हैं। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।
परिजनों ने बताया कि दिलबाग किसी काम से शहर आया था। शाम को काम खत्म कर फव्वारा चौक से ऑटो में बैठकर गांव की तरफ आ रहा था। ऑटो में गांव के ही चार अन्य व्यक्ति भी सवार थे। दिलबाग ऑटो में आगे ड्राइवर के नजदीक बैठा था। रास्ते में खानपुर खुर्द गांव के पास सामने से एक ट्रैक्टर तेज गति में आ रहा था। ट्रैक्टर ने ऑटो को सामने से टक्कर मार दी। दिलबाग ऑटो में आगे बैठा था, जिसके चलते उसे गंभीर चोटें आई। चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।