ग्रामीणों ने की शेड्यूल के अनुसार बिजली सप्लाई की मांग
बरोदा गांव में शैड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन के समय केवल एक घंटा बिजली सप्लाई होती है। वहीं रात के समय भी अघोषित कट लगते रहते हैं। अघोषित कटों के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। मंगलवार को ग्रामीण मांगों को लेकर एक्सईएन राजीव आनंद से मिले। ग्रामीणों ने एक्सईएन से शैड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति देने और दिन के समय तीन घंटे बिजली सप्लाई देने की मांग की। एक्सईएन आनंद ने ग्रामीणों की मांग जल्दी ही पूरी करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीण इंद्र सिंह, दिलबाग सिंह, धर्मबीर, बलराज, पवन मोर, कृष्ण, सरोज, सुमित्रा, किताब सिंह, शांति का कहना है कि निगम ने गांवों के लिए 12 घंटे बिजली सप्लाई का शैड्यूल बनाया है। गांव में उन्हें मात्र आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। चार घंटे की बिजली आपूर्ति अघोषित कटों के चलते उन्हें नहीं मिलती है। दिन के समय दो घंटे सप्लाई का शैड्यूल बनाया गया है। इस दौरान भी प्रत्येक 15 से 20 मिनट में अघोषित कट लगते रहते हैं। दिन के समय उन्हें केवल एक घंटा ही बिजली सप्लाई मिल रही है। रात के समय भी यही स्थिति रहती है। रात को बार-बार अघोषित कट लगते रहते हैं। गर्मी अधिक होने से अघोषित कटों के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति निरंतर नहीं रहने से लोगों को पेयजल किल्लत का भी सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से शेड्यूल के अनुसार बिजली सप्लाई देने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
गोहाना. शेड्यूल अनुसार बिजली आपूर्ति देने की मांग को लेकर एकत्रित बरोदा गांव के लोग