बनवासा गांव के राजकीय स्कूल में शुक्रवार को डीसी के रात्रि ठहराव कार्यक्रम के अंतर्गत दिन में ग्रामीणों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने का कार्य किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी गई। डीएल बनवाने और जमीन संबंधी कार्य कराने के लिए लोगों की भीड़ अधिक रही।
स्कूल में प्रशासन की तरफ से सभी विभागों के काउंटर लगाए गए थे। विभागों के कर्मचारियों ने विभाग में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में 85 विविध प्रमाण पत्र बनाए गए और 60 ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए। बिजली निगम द्वारा चार कनेक्शन दिए गए और छह बिजली के गलत बिल ठीक किए। बिजली के तीन खराब मीटरों को बदला गया। जलापूर्ति विभाग ने पानी के सैंपल लेकर जांच की। समाज कल्याण विभाग ने 10 ग्रामीणों की विधवा व वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन प्राप्त किए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने राशन कार्ड के नाम दर्ज करने का कार्य किया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बनवासा की साफ सफाई कराई गई। ग्रामीणों को पॉलीथिन प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान रामसेवक के नेतृत्व में चलाया गया। चुनाव विभाग ने 11 नए वोटर कार्ड बनाए, सात वोट काटी। इस अवसर पर तहसीलदार राजीव भाटिया, नायब तहसीलदार राजबीर दहिया, सुरेंद्र पूनिया, बीपीडब्ल्यू विष्णुदत्त शर्मा आदि उपस्थित थे।
गोहाना. राजकीय कन्या स्कूल में ग्रामीण व अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते एसडीएम आशीष कुमार।
शिविर में 25 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
स्कूल में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ एसडीएम आशीष कुमार ने किया। शिविर में 25 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। सिविल अस्पताल सोनीपत से टीम रक्तदान शिविर में पहुंची। एसडीएम ने ग्रामीणों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने में गोहाना अग्रणी है। शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। एसडीएम ने कहा कि देश भर में रक्त की कमी को केवल रक्तदान शिविर में एकत्रित होने वाले रक्त से ही पूरा किया जाता है। रक्त का अब तक कोई विकल्प भी नहीं मिला है। एसडीएम ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति एक बार रक्तदान करने के तीन माह बाद फिर से रक्तदान कर सकता है।