पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कार्यकर्ताओं ने आठ दिन बाद करीब डेढ़ किमी दूरी में फैले कूड़े से भरी छह ट्राली

कार्यकर्ताओं ने आठ दिन बाद करीब डेढ़ किमी दूरी में फैले कूड़े से भरी छह ट्राली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सफाई कर्मचारी पिछले 8 दिन से हड़ताल पर हैं। सड़कों पर फैले कूड़े से लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए शुक्रवार को नगर परिषद कर्मी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर शहर में सफाई अभियान चलाया। जिस तरह से सोनीपत में कूड़ा उठाने का कर्मचारियों ने विरोध जताया था, इस तरह के विरोध से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। कार्यकर्ताओं ने करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में फैले कूड़े से छह ट्राली भरकर ठसका डंपिंग स्टेशन पर भेजी। उधर, कर्मचारी संगठनों ने नगर निकाय मंत्री कविता जैन के पुतले की शव यात्रा निकाली और फव्वारा चौक पर पुतला जलाया। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

भाजपा कार्यकर्ता व नेताओं ने सुबह करीब 11 बजे थाना शहर गोहाना के सामने से सफाई अभियान शुरू किया। सड़क पर जगह-जगह फैले कूड़े को कस्सी से उठाकर जेसीबी के माध्मय से ट्राली में डालना शुरू किया। कूड़ा उठाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच हौड लगी रही। सफाई अभियान थाना से महावीर चौक तक चलाया गया। इस दौरान जहां पर भी कूड़ा पड़ा मिला, कार्यकर्ताओं ने उसे उठाकर ट्राली में डाल दिया। हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि कर्मचारियों की सरकार के साथ वार्ता चल रही है। कर्मचारियों को वापस कार्य पर लौटना चाहिए। कर्मचारियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ रही है। इसलिए कार्यकर्ताओं ने मिलकर सड़कों की सफाई करने का निर्णय लिया है। यह अभियान शनिवार को भी चलाया जाएगा। भाजपा की निगरानी कमेटी के अध्यक्ष गुलशन विरमानी ने कहा कि यह शहर सभी का है। सभी को मिलकर इसकी सफाई करनी चाहिए। जब तक कर्मचारी हड़ताल पर हैं, तब तक लोगों को शहर को साफ-सुथरा रखने को आगे आना चाहिए। सफाई अभियान के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ.धर्मबीर नांदल, गोहाना मंडल अध्यक्ष बलराम कौशिक, मार्केट कमेटी गोहाना चेयरमैन नत्था सैनी, हवासिंह वर्मा, भानूप्रकाश शर्मा, इंद्रजीत विरमानी, राजमोहन वर्मा, जगबीर जैन, पार्षद सुमेर चहल, नगर परिषद के ईओ अशोक कुमार, एसएचओ कुलदीप देशवाल भी उपस्थित थे।

गोहाना. कॉलेज मोड पर सड़क पर सफाई करते भाजपा कार्यकर्ता। इस दौरान दुकानदारों से सहयोग की अपील भी की गई।

कार्यकर्ताओं ने तीन घंटे तक चलाया अभियान

कार्यकर्ताओं ने करीब तीन घंटे तक सफाई अभियान चलाया। नियमित रूप से कूड़े का उठान न होने से सड़कों पर कूड़ा भी अधिक फैला हुआ था। जेसीबी की मदद से कूड़ा एकत्रित किया गया। जिसे कार्यकर्ता ने कस्सी से लोडर में डाला। वहीं कार्यकर्ताओं की कार्रवाई को देखने के लिए दुकानदार भी दुकानों के बाहर ही खड़े रहें। भाजपा नेताओं ने दुकानदारों से भी आसपास फैल कूड़े को ट्राली में डालने की अपील की। इस दौरान नप ईओ व एसडीएम ने लोगों से कचरा इधर-उधन न फैंकने की अपील की व कूड़ा करकट न जलाने की हिदायत दी।

मांगों पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन : मलिक

सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर निकाय मंत्री कविता जैन के पुतले की शहर में शवयात्रा निकाली। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने बताया कि सरकार बार-बार वार्ता के लिए बुला रही है, लेकिन मांगें पूरी नहीं कर रही। कर्मचारी ठेका प्रथा समाप्त करने, ईपीएफ की जांच कराने, समान काम समान वेतन देने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने आदि मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। सर्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल मलिक कहना है कि जब तक सरकार मांगें पूरी नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...