कहैल्पा गांव में महिला को उसके पति द्वारा मायके भेजकर घर पर ताला लगाने और बच्चों को अपने साथ ले जाने के मामले में हरियाणा महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन शुक्रवार को गांव में पहुंची और महिला से बातचीत की।
प्रतिभा सुमन पिछले दिनों लाठ गांव में आई थी। इस दौरान पीड़िता विवाहिता आयोग की चेयरपर्सन से मिली और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की थी। उस दौरान टीम में चेयरपर्सन के अलावा उप चेयरपर्सन प्रीति भारद्वाज, आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल भी शामिल थे। बाद में टीम गांव में भी पहुंची थी और फोन पर महिला के पति से भी बातचीत की थी। दोनों पक्षों को 28 मई को गोहाना के सदर थाना में बुलाया है। चेयरपर्सन ने बताया कि मामले की जांच को लेकर गोहाना के एएसपी राजीव देशवाल को निर्देश दिए थे। बताए गए पते पर पुलिस टीम गई भी थी, लेकिन निर्मला का पति वहां पर नहीं मिला। पुलिन ने फोन पर बात की तो अनिल ने बताया कि वह मद्रास में है और बच्चों को अपने भाई के पास छोड़ रखा है। विवाहिता फिलहाल अपने मायके में रह रही है। दोनों पक्षों को 28 मई को सदर थाना में बुलाया गया है।