बली गांव के पास डबल नहर में नहाने गया मजदूर पैर फिसलने से पानी के तेज बहाव में बह गया। मजदूर की पहचान घरोंडा निवासी जसवंत (45) के रूप में हुई है। साथ काम कर रहे मजदूरों ने घटना की सूचना सूचना पुलिस और दमकल केंद्र को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। वहीं आसपास के गांवों व खेतों में काम कर रहे किसान भी नहर पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दमकल कर्मचारियों की मदद से नहर में मजदूर की तलाश की। बहाव तेज होने के कारण मजदूर नहीं मिला।
सदर थाना प्रभारी सेठी मलिक ने बताया कि जसवंत जेएलएन नहर पर पुल का निर्माण कर रहा था। दिन में अधिक गर्मी होने के कारण वह नहाने के लिए पास की नहर के पानी में उतर गया। पानी का बहाव बहुत तेज था। उसका पैर फिसल गया और बहाव के साथ बह गया।
वहीं पुलिस को रिंढ़ाणा माइनर में अर्धनग्न अवस्था में एक युवक का शव मिला है। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक ने पीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी है। पुलिस ने शव को माइनर से निकालकर पहचान के लिए महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां में रखवा दिया। युवक की आयु करीब 35 वर्ष है। उसकी बांई बाजू पर कट का निशान है।