गोहाना. बरोदा रोड स्थित कार्यालय में मांगों को लेकर एकत्र दुकानदार ।
गोहाना| नगर परिषद द्वारा शहर को खुली नालियों से मुक्त कर प्लास्टिक के पाइप दबाए जा रहे हैं। दिन के समय बाजार क्षेत्र में प्लास्टिक पाइप लाइन दबाने में दुकानदारों को असुविधाएं हो रही हैं। शनिवार को पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र के दुकानदार निगरानी कमेटी के गोहाना अध्यक्ष गुलशन विरमानी और पूर्व पार्षद इंद्रजीत विरमानी से मिले। दुकानदारों ने प्लास्टिक पाइप लाइन दबाने का कार्य रात के समय करवाने की मांग की। इंद्रजीत विरमानी ने ठेकेदार को बाजार क्षेत्र में रात के समय और रविवार को दिन में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दुकानदार नरेंद्र कुमार, संतोष गोयल, हरीश अरोड़ा, दीनू पंसारी, चरणदास, मनीष, सुल्तान, कृष्ण का कहना है कि ठेकेदार द्वारा पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में प्लास्टिक पाइप लाइन दबाने का कार्य किया जा रहा है। दिन के समय मंडी क्षेत्र में ग्राहक अधिक होते हैं। दुकानों के सामने खुदाई का कार्य होने के कारण ग्राहक दुकानों पर नहीं आते हैं। वहीं कार्य के चलते धूल भी उड़ती रहती है। धूल दुकानों के अंदर तक पहुंच रही है। इससे उनका सामान खराब हो रहा है।