पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बिजली सप्लाई न मिलने से बंद पड़े अधिकांश सीसीटीवी कैमरे

बिजली सप्लाई न मिलने से बंद पड़े अधिकांश सीसीटीवी कैमरे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर की सुरक्षा को लेकर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हुए हैं। बंद होने के पीछे कारण कैमरों को बिजली सप्लाई न मिलना माना जा रहा है। नगर परिषद ने सभी कैमरों की जांच कराकर उन्हें चालू कराने का निर्णय लिया है। कंट्रोल रूम थाना शहर में बनाया जाएगा। ताकि कंट्रोल रूम में बैठे कर्मचारी विभिन्न कैमरों के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर निगरानी रख सकें।

वर्ष 2016 में जाट आरक्षण के दौरान हुए दंगों के बाद प्रशासन ने शहर भर में सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। ये कैमरे विभिन्न चौक और टी-प्वाइंट पर लगाए गए हैं। ताकि चौक से गुजरने वालों पर कैमरे की मदद से निगरानी रखी जा सके। कैमरों को नियमित रूप से बिजली सप्लाई मिले, इसके लिए कैमरों को दुकान या फिर सीधे खंभों से जोड़ दिया गया था। बिजली निगम द्वारा बिजली के मीटर घरों से बाहर निकालने के साथ-साथ केबल भी बदलने का कार्य किया जा चुका है। जिसके चलते अधिकांश कैमरों को बिजली नहीं मिल रही। इससे कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। प्रशासन फिर से सभी कैमरों को चालू करने के प्रयासों में जुटा हुआ है। नगर परिषद द्वारा सभी कैमरों की जांच कराई जाएगी। कैमरों के लैंस साफ कराए जाएंगे। जिन कैमरों की मरम्मत कराने की जरूरत होगी, उनकी मरम्मत कराई जाएगी। कैमरों को बिजली सप्लाई देने की व्यवस्था की जाएगी। ताकि जिस उद्देश्य से कैमरे लगाए थे, वह पूरा हो सके।

गोहाना. शहर के छोटूराम चौक पर लगा कैमरा जो बिना बिजली के बंद पड़ा हुआ है।

थाना शहर में बनाया जाएगा कंट्रोल रूम

पुलिस ने चोरी की कई वारदात सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के माध्यम से हल की हैं। कैमरे पुलिस को आरोपी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए कंट्रोल रूम थाने में ही बनाया जाएगा। जहां पर एक कर्मी की ड्यूटी लगाई जाएगी। यह कर्मचारी नियमित रूप से अलग-अलग कैमरों को देखेगा। जहां पर भी पुलिस कर्मी को कोई गड़बड़ होने की आशंका दिखेगी, सूचना के बाद तुरंत पीसीआर या राइडर पहुंच सकेगी। शहर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

शहर में लगे सभी कैमरों की जांच कराई जाएगी। जो कैमरे खराब हैं, उन्हें ठीक कराया जाएगा। कैमरों को नियमित रूप से बिजली सप्लाई मिले, इसके प्रबंध किए जाएंगे। इस बारे में बिजली निगम अधिकारियों से भी बातचीत की जाएगी। \\\'\\\'अशोक कुमार, ईओ, नगर परिषद, गोहाना।

दुकानदार रात को चालू रखे कैमरें : देशवाल

थाना शहर प्रभारी कुलदीप देशवाल द्वारा दुकानदारों को दुकानों के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। देशवाल का कहना है कि कैमरे लगाने के बाद रात को कैमरों को बंद करके न जाएं। इसका फायदा होगा कि रात को यदि कोई असामाजिक तत्व या चोर अंदर घुसेगा तो फुटेज की मदद से उसकी पहचान करना आसान होगा। जो भी कैमरे लगाएं, उच्च गुणवत्ता के लगाएं। इसके साथ ही नियमित रूप से कैमरों के लैंस की सफाई कराएं।

खबरें और भी हैं...