पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने शहर में जुलूस निकाल जताया रोष

मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने शहर में जुलूस निकाल जताया रोष

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गोहाना. तहसील रोड पर पुतले के साथ जुलूस निकालते सफाई कर्मचारी ।

विकास एवं कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा का जलाया पुतला

भास्कर न्यूज| गोहाना

समान काम समान वेतन की मांग को लेकर सफाई एवं दमकल कर्मचारियों का धरना शनिवार को भी जारी रहा। मांगों को लेकर कर्मचारियों ने शहर में जुलूस निकाला। कर्मचारियों ने फव्वारा चौक पर एकत्रित होकर पिछड़ा वर्ग विकास एवं कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा का पुतला जलाया। कर्मचारियों ने मांगें लागू नहीं होने तक धरना जारी रखने और शहर में कूड़े का उठान नहीं करने की चेतावनी दी।

सफाई कर्मचारी बीते नौ दिनों से कूड़े का उठान नहीं कर रहे हैं। कूड़े का उठान नहीं होने से शहर की सभी सड़कों पर हर तरफ कूड़ा फैला हुआ है। सड़कों पर जगह-जगह डंपिंग प्वाइंट बनने लगे हैं। कई दिनों से पड़े कूड़े से अब दुर्गंध आनी शुरू हो गई। सड़कों पर हर तरफ कूड़ा फैला देख शुक्रवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर में सफाई अभियान चलाया। नेताओं के सफाई अभियान के विरोध में शनिवार सुबह सफाई कर्मचारियों ने सड़कों पर दोबारा से कूड़ा फैला दिया। शनिवार को बीजेपी नेता सफाई करने नहीं पहुंचे। सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान धर्मपाल मलिक ने कहा कि बीजेपी नेताओं का एक दिन का सफाई अभियान केवल दिखावा था। नेता कर्मचारियों के आंदोलन को खत्म करने के लिए ओछी राजनीति कर रहे हैं। सफाई कर्मचारी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार उनकी मांगे पूरी करने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। शनिवार को सफाई कर्मचारियों का जुलूस नगर परिषद कार्यालय परिसर से आरंभ होकर तहसील रोड, पुराना अड्डा, छोटूराम चौक, समता चौक, वाल्मीकि चौक, सिविल रोड, महम मोड से होकर फव्वारा चौक पर समाप्त हुई। फव्वारा चौक पर एकत्रित होकर उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा का पुतला भी जलाया। इस अवसर पर रमेश अत्री, सीटू नेता नरेश खंडेलवाल, रामनिवास आर्य, रामू रामपाल, राकेश मोर, होशियार सिंह, राहुल, राजू, कुलदीप आदि उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...