सफाई कर्मचारियों ने रविवार को नगर परिषद कार्यालय में धरना दिया। नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी विरमानी धरनास्थल पर पहुंची और कर्मचारियों की मांगें सुनी। उन्होंने कहा कि मांगें जायज हैं। सरकार गंभीरता से उन पर विचार भी कर रही है। लेकिन हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई हैं। यदि कोई संगठन सफाई करता है तो इसका विरोध न करें।
रजनी विरमानी ने कहा कि नियमित रूप से शहर में से कूड़े का उठान नहीं हो रहा। जिसके कारण कई-कई दिन से कूड़ा सड़कों पर पड़ा हुआ है। इससे दुर्गंध आने लग गई है। इससे लोगों को असुविधा हो रही है। वहीं कई दिनों तक कूड़ा पड़ा रहने से बीमारी फैलने की आशंका रहती है। यदि महामारी फैली तो वह यह नहीं देखेगी कि उसकी चपेट में कौन आ रहा है। इसलिए शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त बनाने में अपना सहयोग करना चाहिए। जो भी संगठन कूड़ा उठाने का कार्य करें, उसे शांतिपूर्ण ढंग से करने दें। उनका विरोध न करें। उनसे लड़ाई झगड़ा न करें। इससे फायदा सभी को मिलेगा। व शहर भी साफ रहेगा।
गोहाना . सफाई कर्मचारियों को संबोधित करती नप चेयरपर्सन रजनी विरमानी।
शहर की सड़कों पर लगे कूडे का ढेर
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सड़कों पर कूड़ा इधर-उधर फैला हुआ हैं। भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने एक दिन सड़कों पर फैले कूड़ा का उठान किया। लेकिन एक दिन अभियान चलाने के बाद अभियान को बंद कर दिया। जिसके कारण फिर से सिविल रोड पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। वहीं नप अधिकारियों द्वारा कूड़ा उठाने के लिए ट्रैक्टर भेजे जाते हैं, सफाई कर्मचारियाें द्वारा उन्हें मना कर दिया जाता है। इससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है।
कर्मचारियों की सरकार कर रही अनदेखी: मलिक
कर्मचारी संगठनों ने रविवार को भी शहर में जुलूस निकाला। कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय से नारेबाजी करते हुए तहसील रोड, बरोदा चौक से होते हुए फव्वारा चौक पर पहुंचे। जहां पर सीएम का पुतला जलाया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा कर रही हैं। कर्मचारी संगठन ठेका प्रथा को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, समान काम समान वेतन को लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं करेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर कर्मचारी नेता रामू रामपाल, मुकेश कुमार, नरेश खंडेलवाल, रमेश अत्री, बबली, सुनीता, सावित्री, कमला, बबीता आदि उपस्थित थे।