पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कर्मचारियों की कमी से नहीं हो रही स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत

कर्मचारियों की कमी से नहीं हो रही स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गोहाना. बरोदा रोड पर लगा स्ट्रीट लाइट का पोल, जिस पर से स्ट्रीट लाइट गायब है।

भास्कर न्यूज | गोहाना

नगर निकाय विभाग ने प्रदेश भर की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य करने के लिए एक एजेंसी को ठेका दिया है। शहर में विभिन्न सड़कों और कॉलोनियों में नगर परिषद की करीब 250 स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए नप के पास पर्याप्त कर्मचारी नहीं हैं। लाइटों की मरम्मत के लिए नप के पास केवल पांच ही कर्मचारी हैं। जबकि स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य समय पर करने के लिए करीब 14 कर्मचारियों की आवश्यकता है। कर्मचारियों की कमी के चलते स्ट्रीट लाइटों का मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण नहीं होता है। इससे शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।

नगर परिषद ने शहर की सड़कों और कॉलोनियों की गलियों को रोशन करने के लिए करीब पांच हजार स्ट्रीट लाइटें लगा रखी हैं। स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के लिए नप एक निजी एजेंसी को कार्य अलॉट कर रखा था। मुख्यालय द्वारा प्रदेश स्तर पर एक ही एजेंसी को सभी शहरों की स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का कार्य अलॉट कर दिया है। मुख्यालय स्तर पर कार्य अलॉट होने पर नप अधिकारियों ने क्षेत्रिय एजेंसी के कार्य अलॉटमेंट को निरस्त कर दिया। स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य अब मुख्यालय द्वारा चिह्नित एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। एजेंसी ने स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए चार कर्मचारी उपलब्ध कराए हैं। वहीं एक कर्मचारी नप का है। कर्मचारी कम होने के चलते लाइटों का मरम्मत कार्य समय पर नहीं हो रहा है।

शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया से बढ़ी परेशानी

एजेंसी ने स्ट्रीट लाइटों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर जारी कर रखा है। टोल फ्री नंबर 18002585846 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अधिक लंबी है। टोल फ्री नंबर पर फोन करने पर ऑपरेटर सबसे पहले जिला के नाम का ऑप्शन मांगता है। जिला का नाम अंकित करने पर नगर परिषद का नाम, वार्ड का नाम बताना पड़ता है। यह प्रक्रिया धीमी और लंबी है। इससे शिकायत कर्ता को शिकायत दर्ज कराने में अधिक समय लग जाता है। नगर परिषद ने शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटों के मीटर कनेक्शन नहीं ले रखे हैं। मीटर कनेक्शन नहीं होने पर निगम अधिकारियों ने करीब 100 स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट रखे हैं। कनेक्शन कटने के बाद नप ने मीटर कनेक्शन के लिए आवेदन तक नहीं किया है। स्ट्रीट लाइटें नहीं जलने से सड़कों पर अंधेरा छाया रहता है। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को असुविधाएं होती हैं।

शहर की स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के लिए मुख्यालय ने एक एजेंसी को कार्य अलॉट कर रखा है। एजेंसी ने मरम्मत के लिए चार कर्मचारी भेजे हैं। एजेंसी से कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने को कहा है। अशोक कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद गोहाना

खबरें और भी हैं...