नई सब्जी मंडी एसोसिएशन गोहाना के सदस्य गुरुवार को एसडीएम से मिले। उन्होंने मंडी के अंदर बनाई लकड़ मंडी को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। आढ़तियों का कहना है कि इससे जहां मंडी की व्यवस्था बिगड़ती है, वहीं आढ़तियों के साथ-साथ किसान और मंडी में आने वालों को परेशानी होती है।
एसोसिएशन के प्रधान दीपक ने बताया कि मंडी के अंदर लकड़ मंडी लगाई जा रही है। प्रतिदिन लकड़ियों से भरी ट्राली मंडी में आती है। कुछ ट्रालियां रात के समय मंडी में पहुंचती है। कुछ व्यक्ति रात को शराब पीते हैं और हुड़दंग मचाते हैं। इससे मंडी में रहने वाले मजदूरों को दिक्कतें होती हैं। यदि कोई मजदूर उन्हें रोकता है तो उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। मंडी के अंदर कई परिवार भी रहते हैं। वहीं इसकी शिकायत यदि लकड़ मंडी के प्रधान से करते हैं तो भी इसे गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि रात को चालक कभी गेट तोड़ देते हैं तो कभी दीवार। इससे मंडी की सुरक्षा व्यवस्था भी कमजोर होती है। बाद में गेट को ठीक कराने के लिए मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के पास चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसलिए लकड़ मंडी को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाए। एसोसिएशन के प्रधान दीपक, उपप्रधान सत्यनाराण, कोषाध्यक्ष बलराज सिंह, मनोज, राजेश, गुलशन कुमार, रमेश, एमएस सैनी, मनोहर शाह, धर्मबीर, धीरज के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।