अस्पताल में डॉक्टर के नहीं रहने पर हंगामा करते ग्रामीण।
भास्कर न्यूज| मगनपुर
गोला थाना क्षेत्र के रकुवा गांव स्थित जेहरा टोला में रविवार शाम को बारिश व तूफान के साथ हुई वज्रपात से एक छात्र की मौत हो गई। वहीं तीन लोग झुलस कर जख्मी हो गए। बताया गया कि मृतक विकास कुमार (15 वर्ष) पिता मनु महतो घर से बाहर कहीं गया हुआ था। इसी क्रम में तेज हवा व बारिश होने पर एक आम के पेड़ के नीचे बचने के लिए छिप गया। वहां पहले से तीन लोग और खड़े थे। इसी दौरान बारिश के साथ वज्रपात हुई और चारों इसकी चपेट में आ गए।
घटना में विकास गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जबकि उसके साथ खड़े निशांत महतो, सिकंदर महतो व एक अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को लेकर ग्रामीण गोला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे लेकिन यहां कोई चिकित्सक नहीं रहने के बाद भी स्वास्थ्यकर्मियों ने बिना जांच किए ही युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मृतक के शव को थाना ले जाने को कहा गया। थाना पहुंचने पर युवक के जीवित होने की आशंका पर पुनः अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के मौजूद नहीं होने पर ग्रामीणों ने हो-हंगामा किया। ग्रामीणों ने कहा कि यहां चिकित्सक नहीं रहते है, और इनकी लापरवाही के कारण झुलसे युवक का समय पर इलाज नहीं हो पाया और इसकी मौत हो गई। उधर पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक विकास कुमार घर का अकेला चिराग था। वो उउवि रकुवा का नवम वर्ग का छात्र था। उसकी तीन बहने हैं।