रात को खाकर सोए थे, सुबह उल्टियां शुरू, अस्पताल ले जाते दो की मौत
सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के डभातु गांव में दो रिश्तेदार मौसा व भतीजा की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मृतकों में एक रांची के नईसराय नगड़ी निवासी एवं दूसरा गोला प्रखंड के हेसापोड़ा कोरांबे निवासी बताया गया है। मृतकों के शव को परिजन अपने-अपने गांव ले गए। डभातू निवासी मृतक के ससुर शिवा रजवार ने बताया कि उसका छोटा दामाद तुलेश्वर रजवार सपरिवार रविवार को मेरे घर आया था। यहां आने के बाद दामाद मेरे बेटे सुनील रजवार और मेरी बड़ी बेटी के पुत्र आकाश रजवार को साथ लेकर बुधबाजार कोरांबे गया। जहां से देर शाम को घर लौटने के बाद मेरे घर खाना खाकर सभी सो गए। सुबह चार बजे मेरी बड़ी बेटी के पुत्र आकाश रजवार को पेट में दर्द शुरु हुआ और उसके बाद उल्टी होने लगी। देखते ही देखते उसकी आवाज दबने लगी और शरीर शिथिल होने लगा, साथ ही पूरा शरीर पीला पड़ गया। आनन-फानन में उसे गोला के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां से रिम्स रेफर कर दिया गया। रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उसके शव को लेकर जैसे ही डभातू पहुंचे कि मेरे दामाद छोटे दामाद तुलेश्वर रजवार को भी उल्टी होने लगी। उसे भी गोला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डाॅक्टरों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए जहां से रिम्स रेफर कर दिया। उसकी भी रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गई। दोनों रिश्तेदारों की एक साथ मौत के बाद डभातू गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। लोग फूड पॉयजनिंग की आशंका जता रहे हैं। इस संबंध में गोला थाना प्रभारी अब्राहम हेम्ब्रम से पूछे जाने पर बताया कि इस घटना की जानकारी थाने में नहीं दी गई है।