भाग रहे उचक्कों को दुकानदार ने दौड़ाया
भास्कर न्यूज| गोला
थाना क्षेत्र के मेनरोड स्थित पम्पी ज्वेलर्स से शुक्रवार की सुबह दो बाइक से आये उचक्कों ने बैग में रखे हजारों रुपए के गहने की चोरी कर ली। बताया गया कि दुकान संचालक गोला निवासी संजय स्वर्णकार सुबह करीब दस बजे प्रत्येक दिन की तरह दुकान खाेलने आया और अपना सोना-चांदी से भरा बैग दुकान के अंदर रखकर पानी लाने चापानल चला गया। इसी बीच दो बाइक से आए चार उचक्कों ने मौके का फायदा उठाते हुए बैग लेकर चंपत हो गए। पानी लेकर जब दुकानदार वापस आया तो देखा कि बैग गायब है। इसके बाद प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर उसने उचक्कों का मठवाटांड़ तक पीछा किया लेकिन उचक्के भाग निकले। दुकानदार ने बताया कि बैग में करीब अस्सी हजार रुपए का गहना ग्राहकों को देने के लिए लाया था। घटना की सूचना भुक्तभोगी ने पुलिस को दी है।