रैयतों की जमीन लूटने नहीं देंगे : ममता देवी
गोला | प्रखंड क्षेत्र के केनके स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप की खाली पड़ी रैयतों की जमीन को सीओ द्वारा चिन्हित किये जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसे लेकर बुधवार को पार्षद ममता देवी सीओ रितेश जायसवाल से मिली और कहा कि किसी भी कीमत पर रैयतों की जमीन को लूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सीओ से कहा कि उक्त जमीन रैयत देवधर महतो, जयधन महतो, निरंजन महतो, देवकी महतो, जानकी महतो, उमाशंकर महतो, भुनेश्वर महतो, नागेंद्र महतो व गणेश महतो की है। जो वर्षों से इसमें खेती-बारी करते आ रहे हैं। जमीन चले जाने के बाद इन लोगों के समक्ष रोजी-रोजी की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। मालूम हो कि मंगलवार को कॉलेज के बाहर की जमीन को सीओ द्वारा मापी कराकर चिन्हित किया गया था। इसपर सीओ ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन से रैयतों की वार्ता कराकर कोई रास्ता निकाला जाएगा।