गोला में पेट्रोल नहीं मिलने से ग्राहक हुए परेशान
गोला | थाना क्षेत्र के मठवाटांड़ और हेमतपुर में स्थित जय हिंद फ्यूल्स और एस्सार पेट्रोल पंप से पिछले तीन दिनों से पेट्रोल नहीं मिलने से ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि जब ग्राहक पेट्रोल और डीजल लेने पहुंचते हैं तो पंप कर्मियों द्वारा तेल नहीं होने की बात कही जाती है। कई ग्राहकों ने इस पर नाराजगी भी जाहिर की लेकिन पंप कर्मियों का कहना था कि डिपो से ही ईंधन की सप्लाई नहीं हो रही है। जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। जबकि ग्राहकों का कहना था कि उक्त पंप में बराबर यही स्थिति रहती है। लोगों ने बताया कि ईंधन नहीं मिलने से उनके कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। लोग पेट्रोल डीजल के लिए लगातार पंप का चक्कर काट रहे हैं। इसके बाद भी न तो पंप कर्मियों और न अधिकारी ही इस ओर ध्यान दे रहे हैं।