पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भाजपा ने नहीं किया सिल्ली का रुख, विपक्ष गोलबंद

भाजपा ने नहीं किया सिल्ली का रुख, विपक्ष गोलबंद

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भाजपा ने अभी सिल्ली का रुख नहीं किया है। लेकिन प्रतिपक्ष के नेता जेएमएम प्रत्याशी के पक्ष में वहां पर धुआंधार प्रचार में व्यस्त हैं। भाजपा की पहली और दूसरी पंक्ति के अधिकतर नेता गोमिया में डेरा जमाए हुए हैं। उधर, भाजपा गठबंधन के साथी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो विपक्ष की गोलबंदी में अपने घर में घिरे हैं। जेएमएम प्रत्याशी के पक्ष में कांग्रेस, झाविमो, भाकपा, माकपा और माले के कई बड़े नेताओं ने करीब एक दर्जन सभाओं को संबोधित किया है। इन सबके सामने सुदेश महतो अकेले लगे हुए हैं। न तो भाजपा में कोई यह बताने कि स्थिति में है कि सिल्ली का चुनाव कार्यक्रम कब तक निर्धारित होगा और न ही आजसू खेमे में कोई यह बता पाने की हालत में है कि इस विषय पर भाजपा नेताओं से उन्हें क्या आश्वासन मिला है। आजसू नेता यह भी नहीं बता पा रहे कि अगर भाजपा नेताओं से उनकी बात हुई है तो उसका रिजल्ट क्या रहा। हालांकि उपचुनाव की घोषणा के बाद भाजपा ने कहा था कि आजसू ने सहयोग मांगा, तो भाजपा नेता सहयोग के लिए तैयार हैं। गोमिया विधानसभा क्षेत्र में सीएम ने शनिवार से चुनाव प्रचार शुरू किया है, जो सोमवार तक चलेगा। माना जा रहा है कि इसके बाद कहीं उनका कार्यक्रम सिल्ली के लिए बने, लेकिन अब तक इस बारे में कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता।

सक्रिय हैं कांग्रेस, झाविमो, भाकपा, माकपा और माले के अधिकतर बड़े नेता

जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि सिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. अजय कुमार, पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आलमगीर आलम, झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी और बंधु तिर्की, राजद नेता गौतम सागर राणा, भाकपा के भुवनेश्वर मेहता, भाकपा माले के विनोद सिंह, माकपा के राजेंद्र सिंह मुंडा, सुफल मरांडी आदि नेताओं का आमसभा हो चुका है।

भाजपा नेताओं को सिल्ली आना चाहिए

भाजपा हमारी सहयोगी पार्टी है। हमारा वर्षों से गठबंधन है। भाजपा नेताओं को स्वयं आगे बढ़ कर सिल्ली में हमारा सहयोग करने आना चाहिए। वैसे अभी आधिकारिक रूप से हमें कोई सूचना नहीं है कि सिल्ली में भाजपा के कौन नेता कब आ रहे हैं। देवशरण भगत, केंद्रीय प्रवक्ता आजसू

महागठबंधन के सभी साथी एकजुट

महागठबंधन के सभी साथी सिल्ली में एकजुट हैं। कांग्रेस, जेवीएम और वामदल के नेताओं ने जेएमएम के पक्ष में जिस तरह से काम किया है, उससे आनेवाले समय में गठबंधन और मजबूत होगा। सुप्रियो भट्टाचार्य, केंद्रीय महासचिव, जेएमएम

खबरें और भी हैं...