सीएम बोले-देश कांग्रेस मुक्त, झारखंड झामुमो मुक्त बनेगा
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश कांग्रेस मुक्त और झारखंड झामुमो मुक्त राज्य बनेगा। कांग्रेस डूबती नैया है, इस पर जो भी बैठेगा वह डूबेगा। देश की सबसे बड़ी पार्टी रह चुकी कांग्रेस की राजनीति आज सोनिया, राहुल, प्रियंका और वाड्रा के इर्द-गिर्द घूम रही है। एक परिवार वाली इस पार्टी को देश की जनता नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि झामुमो झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी बन कर रह गई है। यह आदिवासियों की सबसे बड़ी शोषक पार्टी है। झामुमो के सहयोग से चार आदिवासी मुख्यमंत्री बने। सभी ने आदिवासियों के साथ छल किया। अब कांग्रेस और झामुमो मुक्त झारखंड बनाने का समय आ गया है। कर्नाटक चुनाव में भाजपा को मिली सफलता के बाद वे मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तब आठ राज्यों में भाजपा की सरकार थी, अब 21 वें राज्य की ओर पार्टी बढ़ रही है। भाजपा स्वाभाविक रूप से शासन करने वाली पार्टी बन गई है। सबका साथ सबका विकास को देश की जनता ने स्वीकार किया है। कांग्रेस शुरू से जातिवाद और संप्रदायवाद की राजनीति करती रही है। जनता ने जब विकासवाद का स्वाद चखा, तो जातिवाद और संप्रदायवाद की पक्षधर पार्टियों को हाशिए पर खड़ा कर दिया। कर्नाटक में कांग्रेस ने जनविरोधी और विकास विरोधी काम किया, जिसके कारण उनकी करारी हार हुई है। उत्तर भारत से पूर्वोत्तर राज्य होते हुए भाजपा की जीत और विकास का रथ दक्षिण भारत तक पहुंच चुका है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी।
कांग्रेस एक परिवार वाली और झामुमो मुद्रा मोचन पार्टी बन गई है, जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है
रांची एयरपोर्ट पर 19 जिलों के डीसी के साथ बैठक करेंगे पीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 मई को झारखंड आएंगे। यहां 65 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने रांची एयरपोर्ट पर झारखंड के 19 जिलों के डीसी और एसपी के साथ बैठक करने की भी इच्छा जताई है। केंद्र सरकार ने पिछड़े जिलों की जो सूची तैयार की है, उनमें झारखंड के 19 जिले हैं।
सभी चुनाव एक साथ कराने की पक्षधर है भाजपा: सीएम ने कहा कि पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा का चुनाव एक साथ कराने की भाजपा पक्षधर है। इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी। विकास में भी तेजी आएगी। इसके लिए सभी पार्टियों के बीच आम सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।
गोमिया-सिल्ली में पैसा हारेगा, पसीना जीतेगा
सीएम ने कहा गोमिया-सिल्ली विधानसभा उपचुनाव में पैसा हारेगा, पसीना जीतेगा। पैसा बांटकर चुनाव जीतने का ख्वाब देखने वालों के मंसूबे पूरे नहीं होंगे। गोमिया में भाजपा और सिल्ली में आजसू की जीत पक्की है। आजसू के साथ भाजपा का गठबंधन है, सिल्ली में आजसू जो भी सहयोग मांगेगा, पार्टी देगी। उन्होंने कहा कि 14 साल तक राज्य की अस्थिर सरकार के लिए कांग्रेस और झामुमो जिम्मेवार हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवान अब जाग गए हैं। वे झामुमो के छलावे में आने वाले नहीं है। देश का नौजवान सिर्फ विकास चाहता है।