झामुमो के नेतृत्व में कांग्रेस, झाविमो, राजद व भाकपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत
पॉलिटिकल रिपोर्टर |रांची
झामुमो के नेतृत्व में राज्य के सभी प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं ने 20 मई को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर सिल्ली व गोमिया विधानसभा उप चुनाव में प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित पत्र में कहा गया है कि सिल्ली में झारखंड सरकार के उपक्रम झारखंड राज्य आजीविका परियोजना की जिला समन्वयक शांति मार्डी सत्तारूढ़ आजसू पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार अभियान चला रही है। वह सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करते हुए सखी मंडलों की बैठक करा रही है। उसमें आजसू प्रत्याशी द्वारा महिला संगठन के सदस्यों के बीच मोबाइल फोन, सिलाई मशीन, दरी, साड़ी व नगद का वितरण करा रही है। वह पिछले छह वर्षों से इसी पद पर कार्यरत है और आजसू के पक्ष में प्रचार अभियान चलाती रही है। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, कांग्रेस के राजेश ठाकुर, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजीव रंजन, झाविमो के सरोज सिंह, भाकपा के केडी सिंह, राजद के अभय कुमार सिंह व अन्य शामिल थे।
विपक्ष द्वारा गोमिया में भी प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। पत्र में कहा गया है कि भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा कई सभाएं आयोजित की गयी हैं। चुनावी सभाओं में कई तरह के प्रलोभनों की घोषणा की गयी है। इनमें निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य व सड़क जैसी समस्याओं से जुड़ी घोषणाएं की जा रही है। मुख्यमंत्री चुनावी सभाओं के अलावा वहां पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भाजपा के पक्ष में रणनीति भी बना रहे हैं। इतना ही नहीं कल सपाहीटांड मैदान में विपक्ष की चुनावी सभा में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बाधा पहुंचाने की भी कोशिश की गयी। इसलिए लोकतंत्र का तकाजा है कि निर्वाचन आयोग इस पर ध्यान दे और नियम सम्मत कार्रवाई करे।