तोपचांची प्रखंड बीस सूत्री की बैठक में आए जनप्रतिनिधियों को तोपचांची के रेंजर गोरखनाथ यादव ने बताया कि अब कोई भी ग्रामीण जिसके पास पचास डिसमिल भी जमीन हो वह मुख्यमंत्री जन-वन योजना का लाभ उठा सकता है। इसमें सरकार की ओर से 75 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा।
वहीं बैठक में सदस्यों ने पानी और बिजली का मुद्दा उठाया और उसके अविलंब निराकरण की मांग की। बैठक में बीडीओ विजय कुमार, सीओ मनोज महथा, प्रमुख सरिता देवी, रेंजर गोरखनाथ यादव, बीस सूत्री अध्यक्ष गिरिजा शंकर उपाध्याय, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष खिरोधर मंडल, अनवर हेयात, हरिहरपुर थाना से गणेश पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे। बैठक में सबसे पहले कार्यालय की साफ-सफाई का मुद्दा खिरोधर मंडल ने उठाया।
इसके बाद रेंजर श्री यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री जन-वन योजना में बदलाव करते हुए अब पचास डिसमिल में ही पौधरोपण कराने का निर्णय लिया है।
वहीं जलापूर्ति विभाग का मामला उठा तो विभाग के एई ने बताया कि पूरे प्रखंड में 328 चापानल खराब है लेकिन जो पाइप मिला है उससे एक सौ चापानल की ही मरम्मत की जा सकती है। इस वजह से एक पंचायत में तीन से चार चापानल का पाइप ही बदला जा सकेगा।
सदस्यों ने कहा कि बाकि के लिए विभाग को पत्र लिखें या फिर यहां दें ताकि सांसद को इसकी जानकारी देते हुए उनसे मदद ली जा सके। अनवर हेयात ने लोको बाजार मस्जिद गली के समीप बिजली तार में गार्ड वायर लगाए जाने की मांग की।
बीस सूत्री की बैठक में अधिकारी एवं सदस्यगण।