हस्तेड़ा| पंचायत आष्टीकला के ग्राम बागडों का बास में 14 मई को विषाक्त भोजन खाने से करीब दस जनों की तबीयत खराब हो गई थी। जिनमें से 6 को तो अस्पताल से छुट्टी मिल गई तथा 4 जनों का अभी भी इलाज चल रहा था। इनमें से गुरुवार रात खपरिया निवासी 55 वर्षीय कजोड़मल पुत्र रामेश्वर यादव की मौत हो गई। गोविंदगढ़ थाने के एएसआई विक्रम सिंह ने बताया कि 14 मई को ग्राम बागड़ों का बास निवासी पोखरमल के घर पर खाना बनाया गया था। इसमें परिवार के लोगों के अलावा रिश्तेदारों ने भी भोजन किया था। भोजन करने के थोड़ी देर बाद एक के बाद एक करीब 10 जनों की तबियत खराब हो गई थी। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. दिनेश पारीक ने बताया कि प्रथम दृष्टि में अधेड़ की मौत विषाक्त भोजन करने से हुई लग रही है, लेकिन विशरा आदि के सैम्पल लिए गए है। उनकी जांच रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
किशनपुरा चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जो भाेजन करने से 10 लोग बीमार पड़े है, उस भोजन के सैम्पल लेकर जांच के लिए भिजवाए जा चुके है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।