- Hindi News
- National
- पुलिस ने ड्रोन से किया ट्रेस, सांगाजाटा पहाड़ पर बंकर में छिपे हैं 100 नक्सली
पुलिस ने ड्रोन से किया ट्रेस, सांगाजाटा पहाड़ पर बंकर में छिपे हैं 100 नक्सली
भास्कर न्यूज | गुवा/जमशेदपुर
पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा व गुवा थाना क्षेत्रों के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। नक्सली सांगाजाटा के पहाड़ पर डेरा जमाए हुए हैं। नक्सली पहाड़ पर होने के कारण ऊपर से गोलियों की बौछार कर रहे हैं। नीचे से सुरक्षाबल के जवान सेना की मदद से मोर्टार से गोले दाग रहे हैं। बुधवार को पुलिस ने ड्रोन की मदद से नक्सलियों की संख्या का पता लगाया। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की सटीक जानकारी लेने के साथ ही उनके छिपे होने की जगह भी चिह्नित कर लिया है। इसी के आधार पर अत्याधुनिक हथियारों से निशाना साधा जा रहा है। नक्सलियों के शीर्ष नेता व पोलित ब्यूरो के सदस्य प्रशांत के अलावा मिसिर बेसरा, मोछू समेत अन्य हार्डकोर नक्सली पहाड़ी पर छिपे हैं। अंदेशा है कि पहाड़ी पर लगभग 100 नक्सली छिपे हैं और वे बंकर बना कर रह रहे हैं। ड्रोन की मदद से नक्सलियों की सटीक जानकारी मिली है।
ड्रोन ने दिखाई नक्सलियों की तस्वीर : नक्सलियों को ढूंढने सुरक्षा बलों ने ड्रोन की मदद ली। ड्रोन पहाड़ी के ऊपर तक गया और ऊपर की तस्वीर भेजी, जहां नक्सली छिपे हैं। नक्सलियों ने बंकर का निर्माण भी किया है। जिस ड्रोन से नक्सलियों की गतिविधि का पता चला वह ड्रोन वापस लौट कर नहीं आ सका और पेड़ पर अटक गया। ड्रोन कैमरे को वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।